सिरसा जिले के डबवाली क्षेत्र के गांव गंगा में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव मंगलवार सुबह गांव से करीब एक किलोमीटर दूर कालुआना रोड पर नरमे के खेत में एक बाइक के पास पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गांव के कुछ लोग सुबह सैर के लिए गंगा से कालुआना की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे नरमे के खेत में उन्होंने एक बाइक और उसके पास एक युवक को गिरा हुआ देखा। राहगीरों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। लोगों का कहना है कि बाइक अनियंत्रित होकर खेत में गिर गई, जिससे युवक वहीं गिर गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक की पहचान गांव गंगा निवासी 21 वर्षीय प्रवीण कुमार पुत्र सुभाष चंद्र के रूप में की। पुलिस के पहुंचने तक प्रवीण की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
यह भी पढ़ें: सिरसा में तांत्रिक बनकर किसान से 22 लाख रुपये ठगने का मामला!
ग्रामीणों के अनुसार, प्रवीण बाइक पर कालुआना गांव की ओर से गंगा की तरफ आ रहा था। बताया जा रहा है कि हवा सिंह के खेत के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर नरमे के खेत में जा गिरी, जिसके बाद वह भी वहीं गिर गया।
पुलिस ने राहगीरों और परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए डबवाली भेज दिया है। प्रवीण अविवाहित था और दो भाइयों में बड़ा था। युवक की मौत के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें: पुलिस ने नशा तस्करी के मामले में फरार चल रहे सप्लायर सहित 3 नशा तस्कर किए काबू
यह भी पढ़ें: नशा तस्करी के करीब आठ वर्ष पुराने मामले में बेल जम्पर महिला आरोपी को पुलिस ने किया काबू







