डबवाली के विधायक आदित्य देवीलाल ने आज शहर के सब्जी मंडी क्षेत्र में स्मार्ट रोड निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण कर उनकी प्रगति का जायजा भी लिया। विधायक आदित्य देवीलाल ने सरकारी स्कूल की निर्माणाधीन बिल्डिंग, नए बनाए जा रहे पार्क तथा शहर में बन रही स्मार्ट रोड के कार्यों का निरीक्षण किया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्य एजेंसियों को विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान विधायक ने आसपास के क्षेत्रों के लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। विधायक ने कहा कि क्षेत्र के विकास और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है तथा जनता की हर जायज समस्या के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।





