प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का होगा सीधा प्रसारण, धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे आयोजित

झज्जर, 8 मई। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के उपलक्ष्य में 11 मई को जिला स्तर पर शहर के बाबा प्रसाद गिरी मंदिर परिसर में श्रद्धा, उत्साह और गरिमा के साथ भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके साथ साथ सभी उप मंडलों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


इस विषय को लेकर मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर तथा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक के.एम.पांडुरंग ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ बैठक कर कार्यक्रम को भव्य, अनुशासित और गरिमामय ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए।


इस संबंध में डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था, परंपरा और आत्मगौरव का प्रतीक है। यह पर्व देशभर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा तथा लोगों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने का कार्य करेगा।


डीसी ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत शहर में भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे। इसके उपरांत भगवान शिव का विधिवत जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की जाएगी। धार्मिक अनुष्ठानों एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के माध्यम से श्रद्धालुओं को भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।


डीसी ने बताया कि इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा, जिसे श्रद्धालु लाइव देख और सुन सकेंगे। इसके अतिरिक्त भजन, मंत्र जाप, धार्मिक कथाओं का वाचन तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सांस्कृतिक चेतना, धार्मिक सौहार्द और सामाजिक एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


उन्होंने झज्जर जिला वासियों से भी अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर इस ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर का हिस्सा बनने की अपील की। साथ ही कहा कि प्रशासन द्वारा कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, पार्किंग एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


इन विभागों के अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर सीईओ जिला परिषद मनीष फोगाट, सीटीएम रितु बंसीवाल, डीईओ रतिंद्र सिंह, उप निदेशक अमित पंवार, डीपीओ सपना होलकर सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *