हिसार, 13 मई।
अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने बुधवार को लघु सचिवालय परिसर की तीसरी मंजिल पर स्थित एनआईसी वीसी सभागार में अधिकारियों की जनगणना को लेकर बैठक ली। बैठक में जनगणना कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई तथा कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि जनगणना देश का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है, जिसके आधार पर भविष्य की विकास योजनाएं एवं सरकारी नीतियां तैयार की जाती हैं। उन्होंने जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना कार्य में प्रशासन एवं कर्मचारियों को पूर्ण सहयोग प्रदान करें, ताकि यह कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनगणना कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो कर्मचारी अपने दायित्वों का सही प्रकार से निर्वहन नहीं कर रहे हैं अथवा कार्य में अनावश्यक देरी कर रहे हैं, उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाते हुए एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को ऐसे कर्मचारियों की रिपोर्ट तैयार करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मौजूदा चरण की जनगणना से संबंधित सभी कार्य 31 मई तक हर हाल में पूर्ण किए जाएं। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य में लगे प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी द्वारा प्रतिदिन संपूर्ण एवं सटीक डेटा निर्धारित पोर्टल पर अपलोड किया जाए, ताकि कार्यों की नियमित निगरानी की जा सके और किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे।
यह भी पढ़ें: राष्ट्रीय जल पुरस्कार के लिए 28 अगस्त तक करें ऑनलाइन आवेदन
बैठक में मंडल के जनगणना समन्वय अधिकारी डॉ राधा रमन, जिला जनगणना समन्वय अधिकारी सचिन गर्ग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: मंडलायुक्त संजय जून ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनगणना कार्यों की समीक्षा की









