शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्र निर्माण की है आधारशिला :- शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा

रोहतक, 08 मई : हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ कौशल, तकनीक और संस्कारों से भी समृद्ध होना होगा। शिक्षा हमें योग्य बनाती है, जबकि दीक्षा और संस्कार हमें संवेदनशील नागरिक बनाते हैं। आज देश को केवल डिग्रीधारी युवा नहीं, बल्कि संस्कारवान और राष्ट्रहित में सोचने वाले युवाओं की आवश्यकता है।


शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा स्थानीय पंडित नेकीराम राजकीय महाविद्यालय के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि उपस्थितगण को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर सरस्वती वंदना से किया गया। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल प्रमाण पत्र नहीं, बल्कि उनकी मेहनत, अनुशासन और संकल्प का प्रतीक है।


महिपाल ढांडा ने कहा कि शिक्षा हमें योग्य बनाती है, जबकि दीक्षा और संस्कार हमें संवेदनशील नागरिक बनाते हैं। केवल डिग्रीधारी युवा नहीं, बल्कि संस्कारवान और राष्ट्रहित में सोचने वाले युवाओं की आवश्यकता है। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए कुल 468 पुरस्कार प्रदान किए। इनमें शैक्षणिक क्षेत्र में 318, खेलों में 80, सांस्कृतिक गतिविधियों में 48 तथा एनसीसी/एनएसएस में 22 पुरस्कार विद्यार्थियों को वितरित किए। पुरस्कार प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरे उत्साह एवं गर्व से खिल उठे।


शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की सबसे बड़ी भूमिका होगी। भारत की सबसे बड़ी शक्ति उसकी युवा आबादी है और इसी ऊर्जा के दम पर भारत विश्व में अग्रणी राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रही है, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा और विकास का लाभ पहुंचे। सरकार का उद्देश्य गांव और शहर के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध करवाना है। उन्होंने सरकारी कॉलेजों के विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि आज सरकारी संस्थानों के छात्र हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।


महिपाल ढांडा ने शिक्षक समुदाय की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि माता-पिता बच्चों को जन्म देते हैं, लेकिन शिक्षक उन्हें महान बनाते हैं। उन्होंने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ बताते हुए उनके योगदान को नमन किया। उन्होंने वैश्विक परिस्थितियों, युद्ध और मानवता के समक्ष उपस्थित चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत सदैव विश्व कल्याण की भावना के साथ आगे बढ़ा है। भारतीय संस्कृति, प्रकृति संरक्षण, जीवों के प्रति संवेदनशीलता और विश्व का कल्याण की भावना को भारत की सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे आत्मनिर्भर भारत और लोकल फॉर वोकल के संकल्प को आगे बढ़ाएं तथा अपने आसपास की चुनौतियों को समझते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान दें।
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने महाविद्यालय परिसर के विकास के लिए कॉलेज परिसर की जर्जर सडक़ के निर्माण के लिए तत्काल 15 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय अपनी शताब्दी वर्ष की ओर अग्रसर है और ऐसे ऐतिहासिक संस्थान के विकास के लिए सरकार हरसंभव सहायता प्रदान करेगी। महिपाल ढांडा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल द्वारा की गई घोषणाओं की समीक्षा कर उन्हें पूरा कराया जाएगा। साथ ही महाविद्यालय की नई बिल्डिंग एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के लिए अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया।


बॉक्स :-
हरियाणा ने शिक्षा व खेलों के क्षेत्र में देश में बनाई नई पहचान :- पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर
पूर्व मंत्री एवं विशिष्ट अतिथि मनीष ग्रोवर ने कहा कि मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के नेतृत्व में हरियाणा शिक्षा एवं खेलों के क्षेत्र में पूरे देश में नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और खिलाडिय़ों को मिल रही सुविधाओं की चर्चा पूरे देश में हो रही है। यह महाविद्यालय भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों को आगे बढ़ाने का सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की प्राचीन संस्कृति वसुधैव कुटुंबकम्ब की भावना पर आधारित है, जो पूरे विश्व को एक परिवार मानने का संदेश देती है। उन्होंने विद्यार्थियों से संस्कारयुक्त शिक्षा ग्रहण कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षा मंत्री से कॉलेज की भवन व्यवस्था, छतों एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास की मांग भी रखी।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुरेंद्र सांगवान ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए महाविद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा कॉलेज की विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेल एवं सामाजिक उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक, महाविद्यालय की कार्यक्रम संयोजक सुनीता रानी, वाइस प्रिंसिपल डॉ. सुशील दलाल, मार्केट कमेटी चेयरमैन अशोक चौधरी, एमडीयू से प्रताप राठी, कपूर सिंह ढाका सहित शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मंच संचालन डॉ. एकता शर्मा ने किया।

Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *