सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय कार्यक्रम 11 को, कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा होंगे मुख्य अतिथि

सिरसा, 09 मई।
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के उपलक्ष्य में 11 मई को सुबह 9ः30 बजे स्थानीय मुल्तानी कॉलोनी स्थित श्री शिव मंदिर में श्रद्धा, उत्साह और गरिमा के साथ भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री रणबीर सिंह गंगवा मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। जिला स्तरीय आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने कहा कि “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” पर आयोजित कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि कार्यक्रम गरिमामय ढंग से संपन्न हो सके। उन्होंने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया।


उन्होंने कहा कि यह पर्व देशभर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा तथा लोगों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने का कार्य करेगा।


उन्होंने बताया कि इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा, जिसे श्रद्धालु लाइव देख और सुन सकेंगे। इसके अतिरिक्त भजन, मंत्र जाप, धार्मिक कथाओं का वाचन तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सांस्कृतिक चेतना, धार्मिक सौहार्द और सामाजिक एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, पार्किंग एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *