सिरसा। अदालत के आदेशानुसार जिला के थाना सदर सिरसा के मालखाने में लंबे समय से खड़े 10 लावारिस व माल मुकदमा मोटरसाइकिलों के मालिकों और दावेदारों की पहचान के लिए पुलिस की ओर से विशेष एडवाइजरी जारी की गई है। माननीय अदालत के आदेशानुसार संबंधित वाहन मालिकों अपने पंजीकृत वाहनों की शिनाख्त कर कागजात पेश करने के लिए तीन माह का समय दिया गया है। निर्धारित अवधि में दावा पेश करने वाले वाहन मालिक नियमानुसार प्रक्रिया पूरी कर अपना वाहन प्राप्त कर सकेंगे।
पुलिस के अनुसार ये वाहन एक वर्ष से अधिक समय से मालखाने में खड़े थे। इनमें केस प्रॉपर्टी के रूप में रखे गए वाहन तथा लावारिस हालत में मिले वाहन शामिल हैं। कुछ वाहनों को नियमानुसार धारा 102 सीआरपीसी, धारा 106 बीएनएसएस तथा 47 जी एक्ट के तहत कब्जे में लिया गया था। लंबे समय से वाहन खड़े रहने के कारण मालखाने में जगह की समस्या के साथ-साथ इनके रखरखाव में भी परेशानी आ रही थी।
पुलिस ने बताया कि वाहनों के निस्तारण से पहले माननीय अदालत से आवश्यक अनुमति और दिशा-निर्देश प्राप्त किए गए हैं। इसके बाद वाहन मालिकों व दावेदारों की पहचान, सार्वजनिक सूचना तथा अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। निर्धारित तीन माह की अवधि में यदि कोई वाहन मालिक सामने नहीं आता है तो माननीय अदालत के आदेशानुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नियमों के तहत लावारिस वाहनों की नीलामी अथवा अन्य तरीके से निस्तारण किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया न्यायालय के आदेशों और निर्धारित नियमों के अनुसार पारदर्शी तरीके से संपन्न की जाएगी।
यह भी पढ़ें: चोरी के मामले में 6 साल से वांछित भगोड़ा आरोपी गिरफ्तार सिरसा






