सिरसा के युवा फिल्ममेकर दिलजीत दादरवाल की तीन फिल्में ‘हरियाणा इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल’ में चयनित

Three films by young filmmaker Diljit Dadarwal from Sirsa selected for the ‘Haryana International Film Festival’.

 

सिरसा। गांव लकड़ावाली निवासी युवा फिल्ममेकर और साउंड डिजाइनर दिलजीत दादरवाल ने फिल्ममेकिंग के क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की है। उनके द्वारा साउंड डिपार्टमेंट में तैयार की गई तीन फिल्मों—‘रेत का घेरा’, ‘वादा’ और ‘गवाही’—का चयन आगामी ‘हरियाणा इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल’ के लिए हुआ है। यह दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 19 और 20 सितंबर को रोहतक में आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश की चुनिंदा फिल्मों, निर्देशकों और कलाकारों की मौजूदगी रहेगी।
दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स से प्रशिक्षित दिलजीत ने तीनों चयनित फिल्मों में साउंड डिजाइन, सिंक साउंड रिकॉर्डिंग और ऑडियो इंजीनियरिंग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली है। कहानी और दृश्यों के प्रभाव को बेहतर बनाने में उनके तकनीकी व रचनात्मक कौशल की काफी सराहना की जा रही है।
अपनी इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए दिलजीत ने कहा कि बड़े मंच पर फिल्मों का चयन होना गर्व की बात है। साउंड के जरिए कहानी की भावनाओं को दर्शकों तक पहुंचाना मेरा जुनून रहा है। अब मेरा अगला लक्ष्य केवल साउंड तक सीमित न रहकर अपनी खुद की फिल्म का निर्देशन करना है।
छोटे शहरों और ग्रामीण अंचल के जीवन को सिनेमा के माध्यम से उभारने पर जोर देते हुए दिलजीत ने कहा कि बड़े शहरों की चमक-दमक के बाहर भी एक वास्तविक दुनिया है। गांवों के संघर्ष, सपने और असली जिंदगियां आज भी बड़े पर्दे से दूर हैं। उनका मकसद इन अनकही कहानियों को अपने विजन के साथ सिनेमाघरों तक पहुंचाना है। दिलजीत की इस सफलता से सिरसा और उनके गृह नगर में खुशी का माहौल है।

यह भी पढ़ें: सिरसा में कृषि मशीनों का 1 से 3 और 9 सितंबर को होगा भौतिक सत्यापन

sahabram1@gmail.com
लेखक परिचय

sahabram1@gmail.com

Weather Desk / Mausam Breaking

मौसम ब्रेकिंग की टीम देशभर के मौसम, बारिश, मानसून, IMD अपडेट, कृषि मौसम और अलर्ट से जुड़ी भरोसेमंद जानकारी आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाती है।

Follow Us