सिरसा, 12 सितंबर। मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा द्वारा जारी निर्देशों के तहत फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत 12 एवं 13 सितंबर तथा 26 एवं 27 सितंबर को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। इन दिनों सभी संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथों पर प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे तक उपस्थित रहकर मतदाता सूची से संबंधित कार्य करेंगे।
अभियान के दौरान पात्र नागरिकों के नए वोट बनाने, मतदाता सूची में आवश्यक शुद्धिकरण एवं संशोधन करने तथा अपात्र एवं मृत मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाने सहित विभिन्न निर्वाचन संबंधी कार्य किए जा रहे हैं।
विशेष अभियान के प्रथम दिन 12 सितंबर 2026 को निर्वाचन तहसीलदार हनुमान दास एवं निर्वाचन कानूनगो देवेंद्र सिंह ने पंजुआना, साहुवाला प्रथम एवं पन्नीवाला मोटा के अंतर्गत आने वाले सभी संबंधित बूथों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बूथों पर उपस्थित बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया तथा विभिन्न प्रपत्रों एवं फॉर्म भरने और निर्वाचन संबंधी कार्यों के बारे में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: सिरसा में इन परिवारों को मिले 15 लाख रुपये, हरियाणा सरकार ने जारी की आर्थिक सहायता
अधिकारियों ने बीएलओ को निर्देश दिए कि विशेष अभियान के दौरान पात्र मतदाताओं को आवश्यक सुविधा उपलब्ध करवाते हुए सभी कार्य निर्धारित प्रक्रिया एवं नियमानुसार पूर्ण किए जाएं। निरीक्षण के दौरान सभी संबंधित बीएलओ अपने-अपने बूथों पर उपस्थित पाए गए। अधिकारियों ने उन्हें विशेष अभियान के दौरान पूरी गंभीरता, तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: सिरसा के आखिरी छोर का गांव गुसाईयाना, 209 साल पहले गुसाई जी महाराज ने बसाया था गांव







