सिरसा।नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिरसा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये की 34 ग्राम 286 मिलीग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बीते दिन सीआईए ऐलनाबाद की तीन पुलिस टीमों ने शहर सिरसा क्षेत्र में गश्त व चेकिंग के दौरान अलग-अलग स्थानों से चार आरोपियों को काबू किया।
सीआईए ऐलनाबाद की एक टीम ने लाल बत्ती चौक सिरसा क्षेत्र से स्कूटी सवार युवक रजत कुमार पुत्र रत्न लाल निवासी निवासी जेजे कॉलोनी सिरसा को 8 ग्राम हेरोइन सहित काबू किया है। इसी क्रम में सीआईए ऐलनाबाद पुलिस ने अग्रसेन कॉलोनी सिरसा से ईशु कुमार पुत्र बृज मोहन निवासी अग्रसेन कॉलोनी सिरसा को 7 ग्राम 70 मिलीग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया।
वहीं चोपड़ा वाली गली सिरसा से अर्शदीप सिंह पुत्र निर्मल सिंह निवासी चक्कसोमियावाला, फिरोजपुर, पंजाब, हाल किरायेदार चोपड़ा वाली गली सिरसा को 7 ग्राम 41 मिलीग्राम हेरोइन सहित काबू किया गया।इसके अलावा शहर थाना सिरसा की जेजे कॉलोनी पुलिस चौकी ने इंडस्ट्रियल एरिया सिरसा से दिनेश उर्फ हनी सिंह पुत्र पूर्ण चंद निवासी जेजे कॉलोनी सिरसा को 6 ग्राम 91 मिलीग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया।
वहीं सीआईए सिरसा पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर बेगू से बाइक सवार दो युवकों को 6 ग्राम 84 मिलीग्राम हेरोइन सहित काबू किया।पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।




