सिरसा, 18 सितंबर।
जनसेवा और सुशासन की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलेभर में विभिन्न विभागों द्वारा अनेक जनकल्याणकारी एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के दौरान स्वच्छता, जल संरक्षण, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, पशुपालन तथा प्राथमिक सहायता सहित विभिन्न विषयों पर कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को जागरूक किया जा रहा है। अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने बताया कि अभियान के तहत नगर निकायों द्वारा विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाए जाएंगे।
शिक्षा विभाग की ओर से विद्यार्थियों के लिए चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में जल संरक्षण तथा जल प्रणालियों की सफाई से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेगा हेल्थ कैंप लगाए जाएंगे, जिनमें नागरिकों को स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक परामर्श की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। साथ ही अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ट्रैफिक पार्क में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए तथा उपस्थित लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया।
गांव मतड़ में पशु स्वास्थ्य एवं किसान जागरूकता शिविर
इसी कड़ी में शुक्रवार को गांव मतड़ स्थित पशु चिकित्सालय में पशुपालन एवं डेयरिंग विभाग द्वारा पशु स्वास्थ्य एवं किसान जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में उपस्थित किसानों एवं पशुपालकों को हरियाणा एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान किसानों एवं पशुपालकों को कृषि एवं पशुपालन क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों और वैज्ञानिक तरीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि पशुपालन को व्यवस्थित एवं वैज्ञानिक तरीके से करने से पशुधन का स्वास्थ्य बेहतर रखने के साथ-साथ पशुपालकों की आय में भी वृद्धि की जा सकती है।
पशु चिकित्सक मतड़ डॉ. विनोद साहू ने पशुओं के नियमित टीकाकरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि खुरपका-मुंहपका (एफएमडी), गलघोटू, लम्पी स्किन डिजीज (एलएसडी), ब्रूसेलोसिस सहित अन्य संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए समय पर टीकाकरण बेहद जरूरी है। नियमित टीकाकरण से पशुधन को स्वस्थ रखने, दुग्ध उत्पादन बनाए रखने तथा पशुपालकों को संभावित आर्थिक नुकसान से बचाने में मदद मिलती है।
उन्होंने किसानों एवं पशुपालकों से विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा पशुपालन व्यवसाय को लाभकारी बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों एवं वैज्ञानिक तरीकों को अपनाने की अपील की।
यह भी पढ़ें: सिरसा में फिरनी पर कब्जा-हाटने को घरों पर चला पंजा
यह भी पढ़ें: 26 व 27 सितंबर को विशेष अभियान के तहत मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ






