सिरसा, 27 अगस्त।
हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा प्रतिदिन जिला व उपमंडल स्तर पर समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। नागरिक प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक इन समाधान शिविरों में पहुंच कर अपनी समस्याओं का निवारण करवा सकते हैं। इसी कड़ी में स्थानीय लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम राजेंद्र कुमार ने आमजन की समस्याएं सुनी और संबंधित विभागों को समाधान के निर्देश दिए। इसके अलावा डबवाली में एसडीएम डा. वेद बैनीवाल ने आमजन की समस्याएं सुनी और अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।
सिरसा एसडीएम राजेंद्र कुमार ने बताया कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है। समाधान शिविर में कई शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया जा रहा है, जबकि कुछ अन्य का संबंधित विभागों द्वारा निर्धारित समय सीमा में समाधान किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए और शिकायतकर्ताओं को समाधान होने पर जानकारी दी जाए।
डबवाली एसडीएम डा. वेद बैनीवाल ने अधिकारियों से कहा कि समाधान शिविरों के माध्यम से प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों को अधिकारी गंभीरता से लें और उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को संबंधित पोर्टल पर अपलोड करना भी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिन विभागों से संबंधित शिकायतें लंबित हैं, उनका जल्द से जल्द निपटारा करते हुए आमजन को राहत प्रदान की जाए।
यह भी पढ़ें: हेरोइन बरामगी मामले में वांछित सप्लायर आरोपी काबू









