सिरसा, 17 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत वीरवार को जिलाभर के स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मेरे सपनों का भारत विषय पर आधारित प्रतियोगिता में हजारों विद्यार्थियों ने भाग लिया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पतली डाबर में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके अलावा जिला भर के स्कूलों में चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन जारी रहा।
चित्रकला प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न सामाजिक एवं राष्ट्रीय विषयों को अपनी कलाकृतियों के माध्यम से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने विकसित भारत 2047, नशा मुक्त भारत, पर्यावरण संरक्षण तथा भारत की समृद्ध विरासत जैसी थीम पर चित्र बनाए। विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई चित्रकला कृतियों को प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया गया। इन चित्रों के माध्यम से विद्यार्थियों ने विकसित भारत के संकल्प, नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण तथा देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश दिया।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अली मोहम्मद में भी प्रतियोगिता आयोजित
सेवा संकल्प अभियान के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अली मोहम्मद में विद्यार्थियों की चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय मेरे सपनों का भारत रखा गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कल्पनाओं और विचारों को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने देश के विकास, स्वच्छता, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े संदेशों को अपनी कलाकृतियों के माध्यम से प्रदर्शित किया। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की तथा उन्हें ऐसे आयोजनों में बढ़-चढक़र भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर रिसोर्स पर्सन मैनपाल, सरपंच व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: चोरी के मामले में 6 साल से वांछित भगोड़ा आरोपी गिरफ्तार सिरसा
यह भी पढ़ें: रेलवे स्टेशन फाटक के पास मिला युवक का शव। चेहरा खराब होने से पहचान में दिक्कत






