जन समस्याओं का प्राथमिकता से हो समाधान : उपायुक्त शांतनु शर्मा

Public grievances must be resolved on a priority basis: Deputy Commissioner Shantanu Sharma


– उपायुक्त ने समाधान प्रकोष्ठ के तहत साप्ताहिक समीक्षा बैठक में शिकायतों के निपटान की स्थिति की समीक्षा की
सिरसा, 21 अगस्त।

उपायुक्त शांतनु शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर एवं निर्धारित समयावधि में निपटारा सुनिश्चित किया जाए। सभी विभागाध्यक्ष शिकायतों और उनके समाधान की प्रक्रिया पर लगातार नजर रखें। यदि किसी शिकायत के निवारण में किसी प्रकार की समस्या आती है तो उसे उच्च स्तर पर संज्ञान में लाकर उसका शीघ्र समाधान करवाया जाए। इसके अलावा शिकायत के उपरांत एटीआर भी समय पर अपलोड करें, देरी से अपलोड करने की स्थिति में संबंधित अधिकारी स्वयं जिम्मेवार होगा।

उपायुक्त शुक्रवार को समाधान प्रकोष्ठ के तहत आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दे रहे थे। बैठक से पहले मुख्यालय स्तर पर भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला में समाधान शिविर के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निपटान की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त शांतनु शर्मा ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर, जन संवाद, सीएम विंडो से संबंधित लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निपटारा करें। जिन मामलों में विभागीय स्तर पर कार्रवाई की आवश्यकता है, उनमें बिना अनावश्यक देरी के प्रक्रिया पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समय पर समाधान होने से आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।

यह भी पढ़ें: पशुओं को स्वस्थ रखने के लिए टीकाकरण और वैज्ञानिक पद्धति से देखभाल जरूरी रू डॉ. संदीप

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समाधान शिविरों की शुरुआत की गई है। इन शिविरों में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को अधिकारी गंभीरता से लें और उसका नियमानुसार समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।

उपायुक्त ने कहा कि नागरिकों को जरूरी और बुनियादी सुविधाएं समय पर उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारियों को चाहिए कि वे शिकायतों की नियमित समीक्षा करते हुए उनके समाधान की प्रगति पर नजर रखें, ताकि समस्याओं के लंबित रहने की स्थिति उत्पन्न न हो और आमजन को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उपायुक्त ने बताया कि जिला में समाधान शिविर के माध्यम से अब तक कुल 8575 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 6241 शिकायतों का समाधान किया जा चुका है। 416 शिकायतें लंबित हैं, जबकि 1761 शिकायतें रिजेक्ट हुई हैं और 113 शिकायतें पुन: खोली गई हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों के निपटारे में तेजी लाई जाए तथा प्रत्येक शिकायत की स्थिति की नियमित समीक्षा की जाए।

उन्होंने बताया कि आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जिला एवं उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं। सिरसा में समाधान शिविर लघु सचिवालय स्थित कमरा नंबर 63 में आयोजित किया जाता है। उन्होंने जिलावासियों से अपील की कि यदि उन्हें किसी प्रकार की समस्या है तो वे समाधान शिविर में अपनी शिकायत प्रस्तुत करें, ताकि संबंधित विभाग के माध्यम से उसका नियमानुसार समाधान करवाया जा सके। उन्होंने कहा कि उपमंडल स्तर पर भी नागरिकों की सुविधा के लिए समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें: सिरसा व डबवाली में 21 और 22 सितंबर को लगेंगे विशेष कैंप, जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने के लिए मौके पर होगा पंजीकरण

 

यह भी पढ़ें: सिरसा में सीआरएम व डीएसआर योजना के तहत खरीदी गई कृषि मशीनों का होगा भौतिक सत्यापन

प्रशासन का उद्देश्य है कि आमजन की शिकायतों का मौके पर या निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान हो और लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न आए।

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल, जनस्वास्थ्य विभाग से कार्यकारी अभियंता सतीश कुमार, बिजली निगम से कार्यकारी अभियंता धीरज कुमार, एसडीओ संदीप कुमार, सिंचाई विभाग के एसडीओ सोनू, एसडीओ रघुवीर, काडा के एसडीओ विकास गोयल, जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ रूप राम नागल मौजूद रहे।

sahabram1@gmail.com
लेखक परिचय

sahabram1@gmail.com

Weather Desk / Mausam Breaking

मौसम ब्रेकिंग की टीम देशभर के मौसम, बारिश, मानसून, IMD अपडेट, कृषि मौसम और अलर्ट से जुड़ी भरोसेमंद जानकारी आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाती है।

Follow Us