सिरसा, 01 सितंबर।
विवाह योग्य युवक-युवती के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा ‘तेरे मेरे सपने प्री मैरिटल कम्युनिकेशन सेंटर’ की शुरुआत की गई है। इस पहल का उद्देश्य विवाह से पहले युवा वर्ग के बीच सार्थक संवाद, आपसी समझ और बेहतर संबंधों को बढ़ावा देना है।
महिला एवं बाल विकास विभाग की उप निदेशक डा. दर्शना सिंह ने बताया कि हरियाणा राज्य महिला आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देश अनुसार, विवाह की योजना बना रहे युवा प्री मैरिटल कम्युनिकेशन सेंटर की वेबसाइट https://ncwpmcc.icsr.in/ webroot/home के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं।
पंजीकरण के बाद योग्य विशेषज्ञों द्वारा संचालित संरचित ऑनलाइन प्री मैरिटल कम्युनिकेशन एवं परामर्श सत्रों में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि यह मंच युवा वर्ग को सुरक्षित एवं गोपनीय वातावरण उपलब्ध करवाएगा, जहां वे वैवाहिक जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर खुलकर चर्चा कर सकेंगे। साथ ही, विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त कर उन्हें भावी वैवाहिक संबंधों की मजबूत नींव रखने में सहायता मिलेगी। उन्होंने युवा वर्ग से राष्ट्रीय महिला आयोग के पोर्टल पर पंजीकरण करवाने तथा ऑनलाइन प्री मैरिटल कम्युनिकेशन सत्रों में भाग लेने का आह्वान किया।








