सिरसा। नगर परिषद की आज आयोजित हाउस मीटिंग में शहर के विकास कार्यों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद चेयरमैन शांति स्वरूप ने की। बैठक में 25 पार्षदों ने भाग लिया, जबकि 10 पार्षद अनुपस्थित रहे। बैठक में उपस्थित सभी पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों से संबंधित विकास कार्यों को हाउस के समक्ष रखा तथा आवश्यक कार्यों को सर्वसम्मति से पारित करवाने की दिशा में सकारात्मक भूमिका निभाई।
हाउस मीटिंग के दौरान शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा हुई। पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों में विकास कार्यों के दौरान आ रही समस्याओं एवं रुकावटों को अधिकारियों के समक्ष रखा। इस पर EO सुमन लता एवं XEN राकेश पुनिया ने पार्षदों द्वारा रखे गए विकास कार्यों और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की तथा लंबित कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करवाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।
चेयरमैन शांति स्वरूप ने कहा कि नगर परिषद का मुख्य उद्देश्य शहर के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों को गति देना और लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करवाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो विकास कार्य किसी कारणवश लंबित हैं, उन्हें शीघ्र पूरा करवाया जाए तथा नए विकास कार्यों में भी अनावश्यक देरी न हो।
बैठक में विकास कार्यों को लेकर पार्षदों और अधिकारियों के बीच सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई। हाउस में रखे गए प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया, जिससे शहर के विकास को और गति मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: सिरसा में चीनी की कोई कमी नहीं, अफवाहों पर ध्यान न दें नागरिक: डीएफएससी









