सिरसा, 27 अगस्त।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में गुरुवार को चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा तथा राजकीय नेशनल महाविद्यालय, सिरसा में ‘खेलो इंडिया डायलॉग—खेल की बात, प्रधानमंत्री मोदी के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं एवं खिलाडिय़ों से संवाद किया और उन्हें खेलों के क्षेत्र में आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को खेलों के साथ-साथ सकारात्मक गतिविधियों से जुडऩे और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। उपस्थित युवाओं को नशा मुक्त युवा शपथ भी दिलाई गई।
इस दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को जो खेलेगा, वो खिलेगा का मंत्र दिया और कहा कि खेल में खेलने का अर्थ केवल मैदान पर जीत हासिल करना नहीं है, बल्कि खेल व्यक्ति, परिवार और समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने खेलों को विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति को जोडऩे का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने विशेष रूप से 5 से 15 वर्ष की आयु के बच्चों में जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें उचित प्रशिक्षण एवं अवसर उपलब्ध कराने पर बल दिया। उन्होंने 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर देश के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों एवं ओलंपिक में भारत की सफलता के लिए सरकार द्वारा हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. सुरेंद्र कुंडू, एनएसएस कोऑर्डिनेटर डॉ. रोहताश, प्रोफेसर रविंद्र, जिला युवा अधिकारी धनपत सिंह, माय भारत के अजय अग्रवाल, हर्षित सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। इसी प्रकार राजकीय नेशनल महाविद्यालय, सिरसा में आयोजित कार्यक्रम में प्राचार्या डॉ. अनीता मडिय़ा, प्रोफेसर डॉ. बब्लेश, एनएसएस कोऑर्डिनेटर डॉ. जीतराम शर्मा तथा माय भारत के राष्ट्रीय स्वयंसेवक सहित कॉलेज स्टाफ और विद्यार्थी मौजूद रहे। इस अवसर पर युवाओं से माय भारत पोर्टल पर विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग क्विज में अधिक से अधिक भागीदारी करने का आह्वान किया गया। युवाओं को बताया गया कि क्विज के माध्यम से युवा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के पात्र होंगे तथा चयनित युवाओं को आगामी राष्ट्रीय युवा दिवस पर नई दिल्ली में प्रधानमंत्री के साथ सीधे संवाद करने का अवसर मिल सकता है।
यह भी पढ़ें: हेरोइन बरामगी मामले में वांछित सप्लायर आरोपी काबू









