सिरसा। प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि राजकुमार शर्मा ने बढ़ती महंगाई को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। जारी बयान में उन्होंने कहा कि महंगाई ने आम आदमी का जीना मुश्किल कर दिया है। रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं और अब चीनी की कीमत भी करीब 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। इससे आम परिवारों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। शर्मा ने कहा कि पेट्रोल में इथनॉल मिलाने के नाम पर सरकार ने बड़े-बड़े दावे किए थे।
सरकार की ओर से कहा गया था कि इथनॉल के इस्तेमाल से पेट्रोल की कीमत कम होकर करीब 50 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच जाएगी, लेकिन हकीकत में ऐसा कुछ नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि पेट्रोल की कीमतों में आम जनता को कोई बड़ी राहत नहीं मिली, जबकि दूसरी ओर इथनॉल मिश्रित पेट्रोल के इस्तेमाल से वाहनों में तकनीकी समस्याएं आने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि गन्ने का इस्तेमाल चीनी के साथ-साथ इथनॉल उत्पादन में भी बढ़ने से चीनी की कीमतों पर असर पड़ रहा है। सरकार को महंगाई पर नियंत्रण करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार के महंगाई कम करने और पेट्रोल सस्ता करने के दावे धरातल पर दिखाई नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब केवल वादे नहीं, बल्कि महंगाई से वास्तविक राहत चाहती है।
यह भी पढ़ें: हेरोइन बरामगी मामले में वांछित सप्लायर आरोपी काबू









