सिरसा, 18 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला नागरिक अस्पताल, सिरसा में स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. पवन कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और अस्पताल परिसर में स्थापित ब्लड बैंक तथा स्वास्थ्य जांच शिविर का बारीकी से निरीक्षण किया। इस अवसर पर उप सिविल सर्जन डॉ. राजेश चौधरी, उप सिविल सर्जन डॉ. विपुल गुप्ता, डॉ. प्रतीक गोयल, किशोरावस्था काउंसलर कमल कक्कड़, कमल निरवाण तथा नेत्रदान परामर्शदाता राहुल शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
शिविर के दौरान विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के तहत बड़ी संख्या में नागरिकों की जांच की गई तथा उन्हें आवश्यक परामर्श दिया गया। इस पखवाड़े के तहत कुल 1125 रजिस्ट्रेशन किए गए। इनमें 76 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई, जबकि पुरुषों को परिवार नियोजन के विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी प्रदान की गई।
एनीमिया मुक्त हरियाणा कार्यक्रम के तहत 38 बच्चों की स्क्रीनिंग की गई। वहीं राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत 16 बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई। गैर-संचारी रोग रोकथाम विभाग द्वारा 153 लोगों की स्क्रीनिंग कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी उचित परामर्श दिया गया। नशा मुक्ति अभियान के तहत 315 मरीजों की जांच की गई। इनमें से 83 लोगों को परामर्शदाताओं द्वारा नशा छोडऩे का संकल्प दिलाया गया तथा नशे से होने वाले दुष्प्रभावों और इससे बाहर निकलने के उपायों के बारे में परामर्श दिया गया।
जिला किशोरावस्था परामर्शदाता द्वारा 22 बच्चों को पढ़ाई-लिखाई से संबंधित समस्याओं, तनाव, अवसाद, लर्निंग प्रॉब्लम, उचित खानपान तथा स्वास्थ्यवर्धक जीवनशैली के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। बच्चों को भोजन में अधिक नमक के सेवन से बचने तथा संतुलित आहार अपनाने के लिए भी जागरूक किया गया।
शिविर में दंत रोग विशेषज्ञ द्वारा 48 लोगों की दंत जांच की गई तथा उन्हें दांतों की उचित देखभाल और स्वच्छता के बारे में जानकारी दी गई। अंगदान जागरूकता अभियान के तहत नेत्रदान के 14 फॉर्म भरवाए गए। इसके अलावा शिविर में पहुंचे लोगों की आंखों की जांच की गई तथा जरूरतमंद लोगों को चश्मे भी वितरित किए गए।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आभा आईडी बनाने की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई। इस दौरान 30 लोगों की आभा आईडी बनाई गई। अधिकारियों ने बताया कि आभा आईडी के माध्यम से व्यक्ति अपने स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड एवं उपचार का विवरण डिजिटल रूप में सुरक्षित रख सकता है और आवश्यकता पडऩे पर किसी भी स्थान पर चिकित्सक के साथ अपना स्वास्थ्य रिकॉर्ड साझा कर सकता है।
सिविल सर्जन डॉ. पवन कुमार ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उपलब्ध करवाने के साथ-साथ विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं एवं रोगों की रोकथाम के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने नागरिकों से नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने, संतुलित आहार अपनाने तथा नशे से दूर रहने की अपील की।
सिरसा जिला नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित, 1125 लोगों ने उठाया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ






