सिरसा में परिवार नियोजन को लेकर छात्राओं ने निकाली जागरूकता रैली

Female students in Sirsa took out an awareness rally on family planning.
सिरसा, 16 सितंबर।
परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत पुरुषों की भागीदारी बढ़ाने और आमजन को परिवार नियोजन के स्थायी साधनों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राजकीय एएनएम प्रशिक्षण स्कूल की छात्राओं द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को सिविल सर्जन डॉ. पवन कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी लोगों को परिवार नियोजन के महत्व के बारे में जानकारी दी। सिविल सर्जन डॉ. पवन कुमार ने बताया कि दंपतियों के प्रजनन स्वास्थ्य में सुधार लाने के लिए पुरुषों की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। स्वस्थ एवं खुशहाल परिवार की दिशा में पुरुषों की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती है। उन्होंने बताया कि पुरुष नसबंदी एक सरल शल्य प्रक्रिया है तथा महिला नसबंदी की तुलना में इसमें अपेक्षाकृत कम संसाधनों और बुनियादी ढांचे की आवश्यकता होती है।
उन्होंने बताया कि परिवार नियोजन पखवाड़ा 28 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से विभिन्न परिवार नियोजन साधनों के संबंध में लोगों को जागरूक किया जा रहा है तथा स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
उप सिविल सर्जन एवं परिवार नियोजन प्रभारी डॉ. भारत भूषण मित्तल ने नागरिक अस्पताल में कहा कि पखवाड़े के दौरान लोगों को परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों के बारे में जानकारी दी जा रही है। सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर कॉपर-टी, कंडोम, माला-एन, अंतरा इंजेक्शन, छाया सहित विभिन्न परिवार नियोजन सेवाएं उपलब्ध हैं। इच्छुक दंपति इन सेवाओं का लाभ अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से प्राप्त कर सकते हैं।डॉ. भारत भूषण मित्तल ने पुरुष नसबंदी को लेकर लोगों में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करते हुए कहा कि इस प्रक्रिया के बाद पुरुषत्व पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता और न ही शारीरिक क्षमता में किसी तरह की कमजोरी आती है। उन्होंने बताया कि पुरुष नसबंदी की यह प्रक्रिया सरल होती है, इसमें सामान्यतः चीरा और टांके की आवश्यकता नहीं होती तथा प्रक्रिया में लगभग 10 मिनट का समय लगता है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा इच्छुक पुरुषों को प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी और सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।

जिला परामर्शदाता कमल कक्कड़ ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा पुरुषों को परिवार नियोजन में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करने हेतु पुरुष नसबंदी पर 2 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है, जबकि महिला नसबंदी करवाने पर 1,400 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। उन्होंने पुरुषों से परिवार नियोजन की जिम्मेदारी में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

इस अवसर पर डीपीएम राजकुमार, दर्शना, नर्सिंग ऑफिसर सीमा, नेत्रदान परामर्शदाता राहुल सहित एएनएम प्रशिक्षण स्कूल का स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित थीं।

यह भी पढ़ें: सिरसा में सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम व रक्तदान शिविर सहित होंगे विभिन्न आयोजन

यह भी पढ़ें: सिरसा में 17 व 18 को कांग्रेस भवन में संगठन विस्तार के लिए भरे जाएंगे फॉर्म

यह भी पढ़ें: सिरसा में 14 ग्राम 160 मिलीग्राम हेरोइन सहित बाइक सवार युवक काबू 

sahabram1@gmail.com
लेखक परिचय

sahabram1@gmail.com

Weather Desk / Mausam Breaking

मौसम ब्रेकिंग की टीम देशभर के मौसम, बारिश, मानसून, IMD अपडेट, कृषि मौसम और अलर्ट से जुड़ी भरोसेमंद जानकारी आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाती है।

Follow Us