सिरसा। सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण जहां कूड़े के ढेर लगे हुए हैं तो वार्ड 11 निवासियों ने सफाई की एक नई मिसाल पेश की है।नागरिकों ने खुद ही अपने क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाने का बीड़ा उठा लिया है। नगर पार्षद राजन शर्मा के नेतृत्व में वार्ड 11 के निवासियों ने एकजुट होकर खुद ही झाड़ू और स्वच्छता अभियान की शुरुआत की।
पार्षद राजन शर्मा ने बताया कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल चल रही हैं। ऐसे में हाथ पर हाथ रखकर बैठने के बजाय वार्ड वासियों ने खुद कदम उठाने का फैसला किया। इस अभियान की शुरुआत बाबा बालक नाथ मंदिर के आसपास के क्षेत्र से की है। यह केवल एक दिन का प्रयास नहीं है, बल्कि यह अभियान पूरे वार्ड में निरंतर चलाया जाएगा जब तक कि स्थिति सामान्य नहीं हो जाती। राजन शर्मा ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की मांगों का मामला अपनी जगह है, लेकिन शहर को गंदा रखकर बीमारियां फैलाना किसी समस्या का हल नहीं है।
पार्षद और वार्ड वासियों की इस अनूठी पहल समूचे सिरसा में हो, ऐसी उम्मीद वार्ड वासियों ने की हैं। वार्डवासियों ने कहा कि ऐसी नागरिक सहभागिता से न केवल शहर साफ रहेगा, बल्कि समाज में एकजुटता का संदेश भी जाएगा। राजन शर्मा ने बताया कि कंगनपुर रोड पर जिंदल स्टील के पास जो डंपिंग पॉइंट बना हुआ था वहां से भी कूड़ा उठवा दिया हैं, जिसके लिए उन्होंने डीएमसी व नगर परिषद का आभार जताया हैं
यह भी पढ़ें: 7 ग्राम 910 मिलीग्राम हेरोइन सहित बाइक सवार दो युवक गिरफ्तार









