सिरसा। हारे का सहारा चैरिटेबल ट्रस्ट और अनहद भजन जैमिंग क्लब द्वारा संयुक्त रूप से हिसार रोड स्थित रॉयल हवेली में महारास कृष्ण लीला का भव्य आयोजन किया जाएगा। ओडिशा के पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल के पावन सानिध्य में होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर ट्रस्ट के प्रधान मनीष सिंगला ने बताया कि इस बार जन्माष्टमी का उत्सव बेहद खास और अनोखा होने जा रहा है।
नटराज ग्रुप द्वारा भगवान श्री कृष्ण के जीवन पर आधारित अत्यंत सुंदर और मनमोहक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। कार्यक्रम में दही हांडी, डांडिया और श्याम बाबा के अलौकिक दरबार का आयोजन होगा, साथ ही भक्तों पर पुष्प वर्षा की जाएगी।
मनीष सिंगला ने बताया कि आज के युवा वर्ग की पसंद को ध्यान में रखते हुए भक्ति रस के साथ वेस्टर्न संगीत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव की खुशी में केक काटा जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर सभी को महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। प्रवीण शर्मा, रीचा शर्मा और ज्योति बंसल ने बताया कि बांसुरी (फ्लूट) की मधुर धुन पर डांडिया का आयोजन होगा। इस बार की जन्माष्टमी सचमुच यादगार और देखने लायक होगी। जब धार्मिक अनुष्ठान और श्री कृष्ण लीला के साथ आधुनिक वेस्टर्न संगीत तथा बांसुरी की धुन का मेल होगा, तो वह दृश्य अद्भुत होगा। इस मौके पर निजी सचिव हरपिंदर शर्मा, योगेश बिजारनिया भी मौजूद थे।
यह भी पढ़ें: मंडलायुक्त गीता भारती ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, पुनरीक्षण कार्य की ली जानकारी









