-विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद-2027 का नई दिल्ली में होगा आयोजन, पंजीकरण शुरू
सिरसा, 8 सितंबर।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तहत मेरा युवा भारत द्वारा आयोजित किए जा रहे विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद-2027 के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी प्रतिभा, विचार और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर मिल रहा है। जिला युवा अधिकारी धनपत सिंह ने जिले के युवाओं से इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने बताया कि विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद-2027 का राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर होने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य देश के युवाओं की नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता, नवाचार और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विचारों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करना है।
सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता से शुरू होगी चयन प्रक्रिया
जिला युवा अधिकारी धनपत सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत युवाओं के चयन की प्रक्रिया विभिन्न चरणों में होगी। इसकी शुरुआत डिजिटल माध्यम से आयोजित होने वाली विकसित भारत सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता से होगी। प्रतियोगिता में चयनित युवाओं को अगले चरण में डिजिटल निबंध लेखन, जिला स्तरीय प्रस्तुति तथा राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद में भाग लेने का अवसर मिलेगा। विभिन्न चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई दिल्ली में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने बताया कि विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद के अंतर्गत विकसित भारत चैलेंज, सांस्कृतिक गतिविधियां, सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियां, युवा उद्यमिता तथा युवा संसद सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें: दो मामलों में 9 किलो 940 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद,महिला सहित दो व्यक्ति
15 से 29 वर्ष के युवा ले सकेंगे भाग
इस कार्यक्रम में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं। कार्यक्रम से संबंधित पंजीकरण, सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, निबंध लेखन तथा अन्य गतिविधियां मेरा युवा भारत के माध्यम से संचालित की जाएंगी। जो युवा पहले से मेरा युवा भारत पर पंजीकृत हैं, उन्हें दोबारा पंजीकरण कराने की आवश्यकता नहीं होगी। जिला युवा अधिकारी धनपत सिंह ने जिले के विद्यार्थियों, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों, राष्ट्रीय कैडेट कोर के कैडेट्स, युवा मंडलों के सदस्यों तथा विभिन्न शिक्षण एवं कौशल विकास संस्थानों से जुड़े युवाओं से आह्वान किया कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए अधिक से अधिक संख्या में भाग लें। उन्होंने कहा कि युवाओं की प्रतिभा, नवीन सोच और रचनात्मक विचार विकसित भारत@2047 के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को लेकर जिले के विभिन्न महाविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों एवं युवा संगठनों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पात्र युवा इस राष्ट्रीय कार्यक्रम से जुड़ सकें।
यह भी पढ़ें: हरियाणा में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 16 आईएएस, 10 एचसीएस अधिकारियों के तबादले






