हरियाणा स्कूल स्टेट गेम्स में सिरसा जिले ने वॉलीबॉल में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड की ऐतिहासिक हैट्रिक पूरी कर ली है। अंडर-14 और अंडर-19 के बाद अब अंडर-17 बॉयज वॉलीबॉल टीम ने भी फाइनल मुकाबला जीतकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।
कुरुक्षेत्र में खेले गए अंडर-17 के फाइनल में सिरसा की टीम ने कैथल को सीधे सेटों में 25-19 और 25-14 से हराकर हरियाणा चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। मुकाबले की शुरुआत से ही सिरसा के खिलाड़ियों ने आक्रामक और शानदार खेल का प्रदर्शन किया। पहले सेट में कैथल ने मुकाबला बराबरी पर लाने की कोशिश की, लेकिन सिरसा के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल के साथ 25-19 से सेट अपने नाम किया।

दूसरे सेट में सिरसा ने पूरी तरह दबदबा कायम रखा और 25-14 से जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमा लिया।
इस जीत के साथ सिरसा ने तीनों आयु वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। अंडर-14 में भिवानी को 25-14, 25-19, अंडर-17 में कैथल को 25-19, 25-14 और अंडर-19 में जींद को 25-19, 25-21 से हराकर सिरसा की तीनों टीमों ने हरियाणा चैंपियन का खिताब हासिल किया।
इस शानदार उपलब्धि पर शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता दयाराम, टीम इंचार्ज अनिल कड़वासरा, मंगत कड़वासरा और कोच अमित ने खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को बधाई दी। इस अवसर पर कोच अजय, कोच सुखविंदर, प्रबंधक सतपाल औलख, बलवान कस्वां, परमीत पूनिया सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।





