नाथूसरी चौपटा के शक्कर मंदोरी में दहेज के लिए महिला व दो साल की बेटी को जिंदा जलाकर हत्या करने के मामले में पति गिरफ्तार, एक दिन के रिमांड पर

Husband arrested and remanded to one-day police custody in the case of a woman and her two-year-old daughter being burned alive for dowry in Shakkar Mandori, Nathusari Chopta.
सिरसा। नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के गांव शक्कर मंदोरी में दहेज के लिए विवाहिता और उसकी दो साल की बेटी सानवी को जिंदा जलाकर मारने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है।
नाथूसरी चौपटा थाना पुलिस ने आरोपी संदीप पुत्र ओमप्रकाश निवासी शक्कर मंदोरी को गिरफ्तार कर मामले की जांच आगे बढ़ा दी है। थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार ने बताया कि 20 सितंबर को मृतका के भाई सतीश की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया था।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग कविता को दहेज के लिए ताने देते थे और उसे परेशान किया जाता था। शिकायत के आधार पर पति संदीप कुमार, सास शांति देवी, ससुर ओम सहारण तथा ननद के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मृतका के भाई सतीश ने पुलिस को बताया कि कविता ने 20 सितंबर को दोपहर करीब 1:35 बजे उससे और अपने पिता बनारसी दास से फोन पर बात की थी। इसके करीब एक घंटे बाद 2:30 बजे उसके ससुर के मोबाइल से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को गांव का सरपंच बताते हुए कविता के जलने की सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो कविता की मौत हो चुकी थी।
परिजनों के अनुसार कविता की शादी करीब चार वर्ष पहले हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। करीब दो वर्ष पहले भी इस मामले को लेकर पंचायत हुई थी। कविता 14 सितंबर को ही अपने ससुराल गई थी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें: सिरसा में नुक्कड़ नाटक के जरिए लोक कलाकारों ने जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी

sahabram1@gmail.com
लेखक परिचय

sahabram1@gmail.com

Weather Desk / Mausam Breaking

मौसम ब्रेकिंग की टीम देशभर के मौसम, बारिश, मानसून, IMD अपडेट, कृषि मौसम और अलर्ट से जुड़ी भरोसेमंद जानकारी आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाती है।

Follow Us