सिरसा। चोपटा क्षेत्र में स्थित नहराणा हेड पर जमाल और आसपास के ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना जारी है। टेल (अंतिम छोर) तक सिंचाई व पीने का पानी न पहुंचने से आक्रोशित किसानों के इस आंदोलन को सर्मथन देने कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष बेनीवाल पहुंची और धरना स्थल पर किसानों की मांगों का पुरजोर समर्थन किया।
संतोष बेनीवाल ने हरियाणा सरकार और सिंचाई विभाग की कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार किया और कहा कि पानी किसान का हक है, कोई भीख नहीं। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है कि अगस्त की इस भीषण गर्मी में जमाल और कुताना माइनर के टेल पर बसे ग्रामीणों को पीने के पानी तक के लिए तरसना पड़ रहा है।
अगर प्रशासन ने जल्द से जल्द कुताना और जमाल माइनर की सफाई कराकर टेल तक पूरा पानी नहीं पहुंचाया और दूषित पानी को नहर में गिरने से रोकने के लिए पुख्ता कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ मिलकर इस लड़ाई को सड़क से लेकर विधानसभा तक लड़ेगी। सिंचाई विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और बातचीत का प्रयास किया।
संतोष बेनीवाल ने यह भी कहा कि अवैध जल चोरी पर सख्त कार्रवाई की जाए और टेल तक तुरंत पानी पहुंचाया जाए। संतोष बेनीवाल ने कहा कि जब से भाजपा सरकार आई हैं हर वक्त किसानों को मारने की बात कर रही हैं। किसानों को खत्म करना सरकार का उद्देश्य हैं। बात अगर किसानों की है तो हमें एक होगा होगा। संतोष बेनीवाल ने जिला प्रशासन को 24 घंटे का समय दिया अगर किसानों की मांग पूरी न हुई तो डीसी ऑफिस के आगे आंदोलन होगा।


