स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत गांवों में आयोजित की जाएगी विशेष गतिविधियां

सिरसा, 21 मई।

ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग हरियाणा तथा स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण के निर्देशानुसार जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 27 मई तक विशेष स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 की प्रभावी पालना सुनिश्चित करना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता और व्यवहारगत बदलाव लाना है।

अतिरिक्त उपायुक्त एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अर्पित संगल ने बताया कि अभियान के दौरान गांवों में घर-घर जाकर लोगों को कचरे के स्रोत पर पृथक्करण, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर रोक तथा स्वच्छता संबंधी नियमों के बारे में जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा गांवों में कचरा एकत्र होने वाले स्थानों की पहचान कर वहां विशेष सफाई अभियान भी चलाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत प्रतिदिन अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। 22 मई को डोर-टू-डोर आउटरीच एवं जागरूकता कार्यक्रम, 23 मई को बल्क वेस्ट जनरेटर की पहचान एवं वेस्ट मैपिंग, 24 मई को स्रोत पृथक्करण एवं क्षमता निर्माण गतिविधियां, 25 मई को डोर-टू-डोर कलेक्शन एवं प्रवर्तन अभियान, 26 मई को सफाई अभियान एवं आधारभूत ढांचा योजना तथा 27 मई को सामुदायिक स्वच्छता अभियान एवं अनुपालन संकल्प कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए तथा परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हो सके। इसके साथ ही उन्होंने स्कूल प्रिंसिपलों को निर्देश दिए कि विद्यालयों में विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाए। स्कूल परिसरों में साफ-सफाई बनाए रखने, कचरे के पृथक्करण तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने के बारे में विद्यार्थियों को प्रेरित किया जाए, ताकि बचपन से ही स्वच्छता के प्रति सकारात्मक आदतें विकसित हो सकें।

अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों, ग्राम सचिवों तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान की सभी गतिविधियों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट, जियो टैग फोटो एवं वीडियो जिला स्तर पर उपलब्ध करवाने के भी निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान गांवों को स्वच्छ, सुंदर और कचरा मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *