स्वतंत्रता सेनानियों के पोते-पोतियों के लिए वजीफा योजना के माध्यम से उच्च शिक्षा के लिए दी जाती है वित्तीय मदद

सिरसा, 16 मई।

हरियाणा सरकार द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों की तीसरी पीढ़ी, यानी उनके पोते-पोतियों को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में संबल प्रदान करने के लिए योजना क्रियांवित की जा रही है। योजना का मुख्य उद्देश्य उन परिवारों के युवाओं को वित्तीय सहायता देना है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए संघर्ष किया। इसके तहत, पात्र छात्रों को प्रति माह एक हजार रूपये की राशि वजीफे के रूप में 12 महीनों के लिए प्रदान की जाती है। इसके अतिरिक्त, उनकी शैक्षणिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए, पुस्तकों और अन्य शिक्षण सामग्री के लिए दो हजार रूपये का वार्षिक भत्ता भी अलग से दिया जाता है। यह पूरी राशि सीधे छात्र के बैंक खाते में इलेक्ट्रॉनिक ट्रांजैक्शन के माध्यम से भेजी जाती है, जिससे प्रक्रिया पारदर्शी और सुलभ बनी रहती है।

योजना का लाभ उठाने के लिए कुछ अनिवार्य शर्तें निर्धारित की गई हैं। यह छात्रवृत्ति केवल उन छात्रों के लिए है जो हरियाणा के निवासी हैं और राज्य के सरकारी या सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में गैर-पेशेवर पाठ्यक्रमों की पढ़ाई कर रहे हैं। योजना की निरंतरता छात्र के आचरण और उपस्थिति भी जरूरी है; छात्रवृत्ति की किश्तें तभी जारी की जाती हैं जब संबंधित संस्थान के प्राचार्य छात्र के अच्छे व्यवहार और अनिवार्य उपस्थिति की पुष्टि करते हैं। पात्र छात्र को भुगतान का साल में चार बार (सितंबर, नवंबर, जनवरी और मार्च) निर्धारित है, ताकि छात्रों को समय-समय पर आर्थिक मदद मिलती रहे।

विशेष परिस्थितियों में, यदि कोई छात्र पढ़ाई छोड़ देता है, लेकिन तीन महीने में कम से कम 50 प्रतिशत कक्षाओं में फिर से शामिल हो जाता है, तो पहले से देय किस्त और वर्तमान तिमाही की किस्त दोनों जारी कर दी जाती हैं। आवेदन करने के इच्छुक छात्र हरियाणा के केंद्रीकृत छात्रवृत्ति पोर्टल https://harchhatravratti.highereduhry.ac.in/ के माध्यम से अपनी अधिवास रिपोर्ट, पिछली परीक्षाओं की मार्कशीट और संस्थान के प्रमाण पत्रों के साथ ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। यह योजना न केवल पूर्वजों के योगदान का सम्मान करती है, बल्कि नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग भी प्रशस्त करती है।

Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *