बागवानी अर्थव्यवस्था को नई दिशा सिरसा में स्थापित होने वाला किन्नू प्लांट: डॉ अरविंद शर्मा

सिरसा, 17 मई। सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा एग्रो इंडस्ट्री और डेयरी फेडरेशन मिलकर सिरसा स्थित वीटा प्लांट परिसर में अत्याधुनिक किन्नू जूस प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित करने जा रहा है। इससे सिरसा व आसपास इलाके के किन्नू उत्पादकों को उनकी फसल का बेहतर मूल्य और उपभोक्ताओं को गुणवत्ता से भरपूर जूस उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि पीपीपी मोड पर स्थापित होने वाले इस प्लांट के लिए निजी क्षेत्र निवेशकों के प्रस्ताव मांगे गए हैं।

रविवार को सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने संक्षिप्त प्रवास के दौरान वीटा प्लांट सिरसा का औचक निरीक्षण करते हुए प्लांट की व्यवस्थाओं को जांचा। उन्होंने सीईओ वीटा दिनेश मेहता व अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि वो वीटा प्लांट की कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाएं, ताकि किसानों और दुग्ध उत्पादकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की घोषणा के अनुरूप सिरसा में जल्द ही अत्याधुनिक किन्नू जूस प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के किन्नू उत्पादक किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से किसानों की आमदनी बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि सिरसा जिला बागवानी, विशेषकर किन्नू उत्पादन में पूरे प्रदेश में विशेष पहचान रखता है, यहां के किसानों द्वारा बड़े स्तर पर किन्नू की खेती की जाती है, लेकिन फसल के उचित प्रसंस्करण और विपणन की कमी के कारण किसानों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाता। इसी को ध्यान में रखते हुए किन्नू प्लांट स्थापित करने की योजना तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि वीटा प्लांट परिसर में तीन एकड जमीन को चिन्हित किया जा चुका है। इसे पीपीपी मोड पर स्थापित करने के लिए पीपीपी मोड पर किन्नू कैबिनेट कमेटी ऑफ सेक्रेट्रीज (कोसी) बैठक में भी चर्चा हो चुकी है। इसके बाद निजी क्षेत्र निवेशकों से प्रस्ताव मांगे गए हैं। उन्होंने कहा कि किन्नू प्लांट शुरू होने से किन्नू के साथ-साथ अन्य फलों से जूस तैयार किया जाएगा। इससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा। इसके साथ ही इलाके में फूड प्रोसेसिंग उद्योग को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

बाक्स

बेगू रोड स्थित भगवान परशुराम ब्राह्मण धर्मशाला में राष्ट्रीय ब्राह्मण सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। अपने संबोधन में डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम भारतीय संस्कृति, ज्ञान, शौर्य और धर्म के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम का जीवन हमें अन्याय के खिलाफ संघर्ष करने, सत्य के मार्ग पर चलने और समाज के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। आज के समय में युवाओं को भगवान परशुराम के आदर्शों को अपनाने की सबसे अधिक आवश्यकता है, क्योंकि आधुनिक जीवनशैली में नैतिक मूल्यों और संस्कारों का पतन हो रहा है। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और यदि उन्हें सही दिशा व संस्कार दिए जाएं तो वे समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। भगवान परशुराम के विचार युवाओं को आत्मविश्वास, अनुशासन और समाज सेवा की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ युवाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं से भी जुड़े रहना चाहिए। इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद डीपी वत्स, सिरसा ब्राह्मण आर्मी ट्रस्ट के संस्थापक पुनीत पंडित, प्रधान अर्जुन पंडित, सचिव हेमंत शर्मा, हैप्पी शर्मा, साहिल शर्मा, राज शर्मा, गौरव शर्मा, अंकुश शर्मा, पुनीत शर्मा, दयानंद शर्मा, सुभाष दधिच, बंसीधर जोशी, दीपक शर्मा आदि उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *