एडीसी अर्पित संगल ने समाधान शिविर में सुनी आमजन की शिकायतें, अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश
सिरसा, 04 मई।
अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने सोमवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर में आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इसके अलावा उपमंडल स्तर पर भी समाधान शिविरों का आयोजन किया गया। जिला में आयोजित समाधान शिविरों में कुल 9 शिकायतें आई।
अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने अधिकारियों से कहा कि समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निवारण सुनिश्चित किया जाए। समाधान शिविर का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निपटान सुनिश्चित करना है, ताकि नागरिकों को समयबद्ध राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर अंडरटेक करें और उनके समाधान के पश्चात तुरंत एटीआर अपलोड करना सुनिश्चित करें। पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने के लिए यह प्रक्रिया अत्यंत महत्वपूर्ण है। जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता आवश्यक है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का स्थाई समाधान हो और संबंधित विभाग आपस में सामंजस्य बनाकर जन शिकायतों का हल करें। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर में आई शिकायतों का प्राथमिकता से निपटान करें और इस कार्य में तेजी लाएं। उन्होंने बताया कि समाधान शिविर में आई 7801 शिकायतों में से 6020 का समाधान किया जा चुका है। 253 शिकायतों पर कार्य चल रहा है, 1256 शिकायतें रिजेक्ट हो चुकी हैं, जबकि 272 शिकायतों को रिओपन किया गया है।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि नागरिक प्रत्येक सोमवार व वीरवार को प्रात: 10 से 12 बजे तक जिला व उपमंडल पर समाधान शिविर में अपनी समस्याएं रखते हुए उनका निवारण करवा सकते हैं। इस अवसर पर डीएसपी आदर्शदीप सिंह, डीडीपीओ बलजीत सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Leave a Comment