पेट्रोल-डीजल कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस का उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन कल

सिरसा। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से पेट्रोल और डीजल के दामों में की गई बढ़ोतरी के विरोध में 20 मई बुधवार सुबह 11 बजे उपायुक्त कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा। यह जानकारी वरिष्ठ कांग्रेस नेता वीरभान मेहता, राजकुमार शर्मा, नवीन केडिया, अमीर चावला व आनंद बियानी ने संयुक्त रूप से दी। कांग्रेस नेताओं ने नेताओं ने कहा कि इस विरोध प्रदर्शन में पार्टी के सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक सहित पदाधिकारी व कार्यकर्ता बढ़-चढ़कर भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई से आम जनता पहले ही परेशान है।अब तेल की कीमतों में वृद्धि ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने का सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि तेल की कीमतों में बढ़ोतरी होने से माल भाड़ा बढ़ेगा, जिससे खाद्य पदार्थों सहित रोजमर्रा की जरूरतों का सामान और अधिक महंगा हो जाएगा। इसका सबसे ज्यादा असर मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों पर पड़ेगा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आज स्थिति यह हो चुकी है कि आम आदमी दो वक्त की रोटी का इंतजाम भी मुश्किल से कर पा रहा है। लगातार बढ़ती महंगाई ने लोगों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। रसोई गैस, बिजली, खाने-पीने की चीजें और अब पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि ने जनता की कमर तोड़ दी है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है और केवल बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी। जिला कांग्रेस ने आम लोगों से भी बुधवार को होने वाले प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की है ताकि सरकार तक जनता की आवाज पहुंचाई जा सके। नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द तेल की बढ़ी हुई कीमतें वापस नहीं लीं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *