UPSC Success Story: नूंह के BDPO ने क्रैक की UPSC परीक्षा, पहली क्लास से लेकर बीएससी ऑनर्स तक टॉप किया, पढ़ें सफलता की कहानी

 
UPSC Success Story: नूंह के BDPO ने क्रैक की UPSC परीक्षा, पहली क्लास से लेकर बीएससी ऑनर्स तक टॉप किया, पढ़ें सफलता की कहानी
UPSC Success Story: यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2023 का फाइनल रिजल्ट जारी हो चुका है। इस परीक्षा में नूंह जिले के नगीना के खंड विकास एंव पंचायत अधिकारी ने इस परीक्षा को क्रैक किया है। अधिकारी अर्जुन सिंह ने यूपीएससी एग्जाम में देशभर में 553वीं रैंक हासिल की है। अर्जुन सिंह हरियाणा सिविल सेवा और उत्तर प्रदेश सिविल सेवा पास कर चुके हैं।

 भारतीय सिविल सेवा परीक्षा में भले ही इस बार मेवात का एक भी युवा कामयाब नहीं हो सका, लेकिन देश भर में यूपीएससी की परीक्षा में 553 वीं रैंक पाकर उत्तराखंड के रहने वाले एवं मौजूदा नूंह जिला के नगीना के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी अर्जुन सिंह ने बड़ा कारनामा कर दिखाया है। 

अर्जुन सिंह ने अपने माता-पिता के साथ साथ उत्तराखंड और मेवात (हरियाणा) का भी नाम रोशन किया है। जब यूपीएससी का परिणाम आया तो सबसे पहले अर्जुन सिंह को फोन से उनके पिता-माता और बहन ने मुबारकबाद दी। उसके बाद उनके दोस्तो के अलावा प्रशासनिक अधिकारियों ने भी बधाई दी। 

गुरुवार को उपायुक्त धीरेंद्र खडग़टा ने अपने कार्यालय में अर्जुन सिंह मनराल को फूल-बुके भेंट कर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। उपायुक्त ने अर्जुन मनराल को बधाई देते हुए कहा कि आपकी मेहनत व लग्र का परिणाम है कि आपको देश की सर्वोच्च सिविल सेवा पद पर काम करने का अवसर मिला है।

हरियाणा सिविल सेवा और उत्तर प्रदेश सिविल सेवा कर चुके है पास

अर्जुन सिंह हरियाणा सिविल सेवा 2022 और उत्तर प्रदेश सिविल सेवा 2023 की परीक्षा पास कर चुके हैं। हरियाणा सिविल परीक्षा पास करने के बाद 10 मई 2023 को उनकी बतौर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) नगीना के पद पर पहली तैनाती हुई। वह तभी से नगीना खंड के बीडीपीओ के पद पर तैनात हैं। अर्जुन सिंह ने उत्तर प्रदेश सिविल परीक्षा पास तो की लेकिन उन्होंने नौकरी नहीं की और मेवात में ही रहना अच्छा समझा। 

अर्जुन सिंह मनराल मूलरूप से उत्तराखंड के गांव चिड़खंडा, जिला अल्मोड़ा के रहने वाले हैं और मौजूदा वक्त में वह अपने परिवार के साथ उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में रहते हैं। उनके पिता आनंद सिंह मनराल एक कंपनी में अकाउंटेंट मैनेजर है, जबकि माता पुष्पा ग्रहणी है। उनकी छोटी बहन प्राइवेट सेक्टर में नौकरी करती हैं। परिवार में माता-पिता के अलावा वे दो भाई बहन हैं।

पहली क्लास से लेकर बीएससी ऑनर्स तक टॉप किया

अर्जुन सिंह शुरू से ही होनहार रहे हैं, उन्होंने पहली क्लास से लेकर बीएससी ऑनर्स तक टॉप किया है। अर्जुन सिंह ने दिल्ली के एसजीटीबी खालसा कॉलेज से केमिस्ट्री ऑनर्स में बीएससी ऑनर्स में टॉप किया है तथा दिल्ली के हिंदू कॉलेज से एमएससी के फस्ट सेमेस्टर परीक्षा देकर पढ़ाई छोड़ दी और यूपीएससी की तैयारी में जुट गए। 

देश की सबसे बड़ी परीक्षा पास करने पर नगीना के बीडीपीओ अर्जुन सिंह मनराल ने मेवात क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को संदेश दिया कि यदि व्यक्ति कुछ करने की ठान ले तो वह अपने लक्ष्य को हासिल कर सकता है। देश की सबसे बड़ी परीक्षा पास करने के लिए मेहनत भी उतनी बड़ी करनी होगी।