Weather Update: दिल्ली समेत आस-पास के इलाकों में बढ़ा टेंपरेचर, आज साफ रहेगा आसमान, अगले सप्ताह बूंदाबांदी की संभावना

Weather Update: देश भर में गर्मी का मौसम बार-बार बदल रहा है। कभी गर्मी तो कभी वर्षा होने के कारण मौसम सामान्य से कम हो जाता है। बृहस्पतिवार अल सुबह हुई वर्षा के बाद शुक्रवार को आकाश साफ रहा, तेज धूप भी खिली।
फिर वर्षा होने की संभावना
इस वजह से पिछले दिन के मुकाबले अधिकतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान ढाई डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इससे गर्मी थोड़ी अधिक रही। नजफगढ़ में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन गर्मी अधिक रहेगी। इस वजह से तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकती है। इसके बाद अगले सप्ताह एक बार फिर वर्षा हो सकती है।
शनिवार को मौसम साफ
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को आकाश साफ रहेगा और तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। रविवार से एक बार फिर पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होने से आकाश में बादल छा सकते हैं। हालांकि, उस दिन अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, लेकिन अगले सप्ताह मंगलवार से बृहस्पतिवार तक दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की वर्षा हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा नजफगढ़ में 40.1 डिग्री सेल्सियस और स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के पास 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन जगहों पर न्यूनतम तापमान क्रमश: 24.4 डिग्री सेल्सियस और 27.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले दिल्ली में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस था।