Story Of Mango Man : इस एक पेड़ में लगते हैं 300 किस्म के आम, जानें कहां और कैसे होता है यहां काम

यह दुनिया रंग-बिरंगी है। यहां अजूबी बातें आम हैं। जी हां आम की ही बात कर रहे हैं, लेकिन वो थोड़ा खास है। आम का एक पेड़ है, जिसमें 300 किस्म के आम लगते हैं। है न अद्भूत। लेकिन यह सत्य है। आइए जानते हैं पूरा मामला।
यह मामला यूपी की राजधानी लखनऊ का है। लखनऊ को नवाबों का शहर कहा जाता है। यहां एक यूनिक आम का पेड़ है जो काफी चर्चा में रहता है। इस आम के पेड़ की खासियत है कि इस एक पेड़ में ही करीब 300 किस्म के आम लगते हैं। यह पेड़ लखनऊ से कुछ किलोमीटर दूर मलिहाबाद चौराहे के पास मौजूद है।
लखनऊ शहर के रहने वाले हाजी कलीम उल्लाह खान ने बड़ी मशक्कत के साथ एक ऐसा पेड़ इजाद किया जिसे देखने वालों की आंखें फटी की फटी रह गईं। उन्होंने ग्राफ्टिंग तकनीक का सहारा लेकर एक ऐसा पेड़ इजाद किया जिसमें 300 किस्म के आम लगते हैं। इस पेड़ का राज समझने के लिए एक जापान की टीम भी यहां का दौरा कर चुकी है।
इस अनोखे काम के लिए हाजी कलीम को तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल द्वारा पद्मश्री से भी सम्मानित किया जा चुका है। हाजी कलीम ने 17 साल की उम्र में ही एक पौधा इजाद किया था जिसमें करीब 7 किस्म के आम लगते थे। इतना ही नहीं, आम पर किए गए काम को लेकर हाजी कलीम साहब को दुनिया में लोग मैंगो मैन (Mango Man) के नाम से भी जानते हैं।
इस विचित्र पेड़ में जो भी आम लगते हैं, उसे बेचा नहीं जाता बल्कि लोगों में बांट दिया जाता है। आपको बता दें कि जब आम का सीजन आता है, तब जुलाई महीने में इस पेड़ पर आम लगभग आ चुके होते हैं। हाजी कलीम कहते हैं कि आम एक ऐसा पेड़ है जो अपने आप में पूरा कॉलेज है और उस पर पढ़ाई करने की जरूरत है।
हाजी कलीम साहब का कहना है कि अगर आम के पेड़ पर ठीक से स्टडी की जाए तो इससे कैंसर और एड्स जैसी खतरनाक बीमारियों का इलाज भी निकाला जा सकता है। दुनिया का मैंगो मैन कहे जाने वाले इस शख्स ने केवल सातवीं तक पढ़ाई की है और बड़े-बड़े वैज्ञानिक भी आज उनसे सलाह लेने आते हैं।