Road Accident: हरियाणा में रिसेप्शन पर जा रहे चाचा की मौत, दुल्हा- दुल्हन समेत 7 लोग हुए घायल

हरियाणा के फरीदाबाद में एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गई। यहां दुल्हा दुल्हन परिवार के साथ शादी के रिसेप्शन के लिए जा रहे थे। तभी दर्दनाक हादसा हो गया। 
 
haruyaa  news

Haryana News: हरियाणा के फरीदाबाद में एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गई। यहां दुल्हा दुल्हन परिवार के साथ शादी के रिसेप्शन के लिए जा रहे थे। तभी दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में दुल्हे के चाचा की मौत हो गई। जबकि दूल्हा-दुल्हन समेत सात लोग घायल हो गए। जिसके बाद घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।


जानकारी के मुताबिक  दूल्हा-दुल्हन परिवार के साथ शादी के रिसेप्शन के लिए फरीदाबाद जा रहे थे। इस दौरान पलवल में नेशनल हाईवे-19 पर बघौला गांव के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस मामले में मृतक के भतीजे अंकित ने पुलिस को सूचना दी। अंकित यादव ने बताया कि बीते 26 अप्रैल को उसके ताऊ के लड़के विजय की शादी थी। विजय भी उनके साथ ही राजीव कॉलोनी में रहता है।लेकिन विजय की शादी पैतृक गांव मंडार में हुई। शादी होने के बाद विजय ने 7 मई को फरीदाबाद में रिसेप्शन पार्टी रखी थी। 


रिसेप्शन पार्टी के लिए ही पूरा परिवार प्रयागराज (यूपी) से अपनी ब्रेजा कार में सवार होकर फरीदाबाद के लिए चला था। कार में उनके साथ विजय, उसकी पत्नी पूनम, चचेरा भाई शिवांश, विजय का दोस्त विशाल, उसकी बहन निशा और दो बच्चे सलोनी व श्रेया सवार थे और कार उसके चाचा देवीशंकर चला रहे थे।

इस दौरान नेशनल हाईवे-19 पर बघौला गांव के पास उनकी कार को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में चाचा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य लोग घायल हो गए। जिसके बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। फिलहाल इस संबंध में थाना गदपुरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।