Monsoon Update 2024: इस बार राजस्थान में होगी ताबड़तोड़ बारिश, जानिए कब आएगा मानसून?

 राजस्थान में पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग मानसूनी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। इस गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। 
 
इस बार राजस्थान में होगी ताबड़तोड़ बारिश

Monsoon Update 2024: राजस्थान में पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग मानसूनी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। इस गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। 

31 मई तक यह केरल पहुंच जाएगा। इस साल मानसून सामान्य तारीख से पहले ही केरल में दस्तक दे सकता है। वैसे केरल में मानसून आने की सामान्य तारीख 1 जून है। वहीं, माना जा रहा है कि राजस्थान में इस साल 30 जून के आस-पास मानसून प्रवेश कर सकता है। इसी के साथ बारिश का सिलसिला शुरू हो जाएगा। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि ला नीना के प्रभाव की वजह से इस बार अच्छी बारिश होगी।

♦अन्य राज्यों में मानसून की सामान्य तारीख

आईएमडी के मुताबिक आमतौर पर मानसून 1 जून को केरल पहुंचता है। फिर कर्नाटक, असम, त्रिपुरा और गोवा में यह 5 जून तक दस्तक देता है। तेलंगाना, सिक्किम और महाराष्ट्र में मानसून की एंट्री 10 जून तक होती है। बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और गुजरात के कुछ हिस्सों में मॉनसून सामान्यतः 15 जून के आसपास पहुंचता है। 20 जून तक यह लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश के शेष हिस्सों और गुजरात के कुछ हिस्सों में प्रवेश करता है। लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के शेष हिस्सों में मानसून 25 जून तक पहुंचता है। फिर 15 जुलाई के आस-पास पूरे देश को कवर करता है।

♦राजस्थान में कब आएगा मानसून?

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अरब सागर व एवं दक्षिणी अंडमान सागर में मानसून के पूर्व की गतिविधियां आरंभ हो गई है। भारतीय मानसून के लिए शुभ संकेत है। मौसम विभाग के अनुसार केरल में 31 मई को दस्तक दे सकता है, जो धीरे-धीरे आगे बढ़ता हुआ 30 जून के आस-पास दक्षिणी राजस्थान में प्रवेश कर सकता है। 

हालांकि केरल में मानसून के आगमन और रफ्तार के आधार पर राजस्थान में मानसून के आगमन की तिथि का सटीक अनुमान लगेगा।

♦पिछले साल 5 संभागों में एक साथ हुई थी एंट्री

पिछले साल मानसून ने राज्य के पांच संभागों में एक साथ धमाकेदार एंट्री की थी। झमाझम बारिश के साथ मानसून ने कोटा व भरतपुर संभाग को पहले पूरी तरह कवर किया। फिर उदयपुर, अजमेर, जयपुर संभाग के कुछ जिलों में भी मानसून ने प्रवेश किया था।

♦मेवाड़-वागड़ का मार्ग चुनता है मानसून

मौसम जानकारों के अनुसार, हर साल अरब सागर से आने वाली हवा दक्षिणी-पश्चिमी मानसून लेकर आती है, इसी वजह से इसका प्रवेश उदयपुर-कोटा संभाग के रास्ते होता है। मानसून यहीं से पूरे राजस्थान में छा जाता है। राजस्थान में प्रवेश के लिए यह कोटा-झालावाड़ और मेवाड़-वागड़ का मार्ग चुनता है। बांसवाड़ा में मानसून का प्रवेश सबसे पहले होता है। इस कारण इसे मानसून का प्रवेश द्वार भी कहा जाता है।

♦राजस्थान में 10 सालों में मानसून की दस्तक

साल —-आगमन

2023 – 25 जून
2022 – 30 जून
2021 – 18 जून
2020 – 24 जून
2019 – 2 जुलाई
2018 – 26 जून
2017- 27 जून
2016- 22 जून
2015- 23 जून
2014- 03 जुलाई