हरियाणा के रेवाड़ी में स्टॉक मार्केट और IPO में पैसे निवेश कराने के नाम पर व्यक्ति से लाखों रुपये की ठगी, जाने पूरा मामला

 
हरियाणा के रेवाड़ी में स्टॉक मार्केट और IPO में पैसे निवेश कराने के नाम पर व्यक्ति से लाखों रुपये की ठगी, जाने पूरा मामला 

Haryana News : रेवाड़ी शहर में एक व्यक्ति के साथ ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें उसे पौने 7 लाख रुपए की धोखाधड़ी का शिकार बनाया गया। बदमाशों ने उसे स्टॉक मार्केट और IPO में पैसे निवेश करने के लिए धोखा दिया। उन्होंने उसे एक ऐप डाउनलोड करवाया और उसका अकाउंट जनरेट किया, जिसके माध्यम से उससे पैसे ट्रांसफर कर लिए। सिटी पुलिस ने इस मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ फ्रॉड का केस दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार, महेंद्रगढ़ जिले के गांव स्याणा में निवास करने वाले नवीन यादव रेवाड़ी शहर में रहते हैं। उन्होंने बताया कि उनके नंबर पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़ा गया। यह ग्रुप स्टॉक मार्केट और IPO में निवेश के बारे में था। ग्रुप में स्टॉक मार्केट और IPO में पैसे लगाने के बारे में बातचीत होती थी। कुछ समय बाद, उन्हें एक लिंक भेजा गया।

लिंक भेजने वाले की तरफ से कहा गया कि इसे जॉइन करें। इसके बाद मोबाइल ऐप डाउनलोड की। जिसमें अकाउंट नंबर जनरेट हो गए। इसमें कहा कि इनमें पैसे भेजें, स्क्रीनशॉट भेजने के बाद पैसे ऐप में आ जाएंगे। शातिरों के जाल में फंसे नवीन ने पहले 1 लाख 45 हजार और इसके बाद 5 लाख रुपए जमा कर दिए। स्क्रीनशॉट भेजने के बाद नवीन द्वारा डाली गई राशि ऐप पर भी दिखाई दी।

इसके बाद नवीन ने कुछ दिन पहले ऐप से पैसे निकालने की कोशिश की तो कहा गया कि 48 घंटे बाद ही ये राशि विड्रॉल हो सकती है। उसने 48 घंटों तक इंतजार किया, लेकिन पैसे नहीं आए। इसके बाद उसे शक हुआ कि उसके साथ फ्रॉड हुआ है। नवीन ने तुरंत इसकी शिकायत पुलिस को दी।

सिटी पुलिस ने नवीन की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। साथ ही पुलिस जिन खातों में पैसे ट्रांसफर हुए, उनकी डिटेल जुटा रही है, जिससे शातिर बदमाशों को पकड़ा जा सके।