हरियाणा के स्टंटमैन YouTuber नीशू की दर्दनाक मौत, ट्रैक्टर पर स्टंट दिखाते वक्त बीच में फंसने से गई जान, वीडियो वायरल

 
हरियाणा के स्टंटमैन YouTuber नीशू की दर्दनाक मौत, ट्रैक्टर पर स्टंट दिखाते वक्त बीच में फंसने से गई जान, वीडियो वायरल

हरियाणा के पानीपत के कुराड़ गांव का यू-ट्यूबर नीशू देशवाल दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी 12वीं पास करने के बाद ही स्टंटमैन बनने की रुचि बन गई। उसकी यू ट्यूब पर वीडियो देखकर स्टंट करने की चाह हुई। पिता जयबीर किसान है तो घर में ट्रैक्टर भी था। नीशू से इसी स्वराज ट्रैक्टर पर स्टंट करने शुरू किए।

उसने स्टंट करने के लिए यमुना की तलहटी को चुना। वो अकसर अपने दोस्तों के साथ ट्रैक्टर लेकर यहीं आता था और वीडियो शूट करता था। उसकी वीडियो पर लाखों व्यूवर आते थे। लोगों के प्यार को देखकर दो साल पहले नीशू ने एक ट्रैक्टर व डेढ़ साल पहले एक थार गाड़ी भी खरीद ली थी। अब वो दोनों ट्रैक्टर व थार गाड़ी से भी स्टंट दिखाता था।

सोशल मीडिया पर उसके 13 लाख फॉलोअर हो चुके थे। तीन साल में ही वो टोचन किंग बन गया था। वो अक्सर अपनी वीडियो में अपने ट्रैक्टर से दूसरे ट्रैक्टर को खींचते नजर आता था। आसपास के क्षेत्र के लोग उसको स्टंटमैन के नाम से भी जानने लगे थे। उसको हर माह यू ट्यूब से लगभग डेढ़ से दो लाख रुपये मिलते थे।

इससे परिवार की आर्थिक स्थिति भी अच्छी हो गई थी। डेढ़ साल पहले ही नीशू की शादी हुई थी। वो पांच माह के बेटे का पिता था। सोमवार को स्टंट करते हुए नीशू की जान चली गई। नीशू की स्टंट करते हुए ट्रैक्टर के नीचे दबने की वीडियो भी खूब वायरल हो रहा है। जिसमें तीन दोस्त उसकी वीडियो बना रहे हैं।

वो अपने स्वराज ट्रैक्टर को पिछले दो टायरों पर खड़ा कर रहा है। नीशू ट्रैक्टर को ज्यादा रेत के अंदर ले गया। ये ही उससे सबसे बड़ी भूल हो गई। जैसे ही उसने ट्रैक्टर के आगे के दो टायर के ऊपर उठाए तो पिछले टायर रेत में धंस गए। पिछले टायर तेजी से घूमने पर यहां गहरा गड्ढा बन गया। 

जैसे ही उसने दो टायरों को ऊपर उठाया पिछले टायर जाम हो गए। ट्रैक्टर का बैलेंस बिगड़ गया और उसका अगला हिस्सा टूटकर उसके ऊपर गिर गया। नीशू उसके नीचे दब गया और मौके पर ही दम तोड़ दिया।

ट्रैक्टर मैकेनिक राजबीर ने बताया कि ट्रैक्टर को इस तरह से खड़ा करने की गलती कभी नहीं करनी चाहिए। ट्रैक्टर में अधिकतर भार अगली तरफ होता है। यहां इंजन है। ट्रैक्टर को खड़ा करने पर सारा भारत ऊपर की ओर आता है।

ट्रैक्टर खड़ा होते ही बैलेंस करना बहुत मुश्किल होता है। पहिये आगे जाने पर ट्रैक्टर पीछे गिर सकता है। ये ही नीशू देशवाल के साथ हुआ है। ट्रैक्टर भार के कारण पीछे की ओर गिर गया और बीच से टूट गया।

नीशू के दोस्त बताते हैं नीशू अपने स्वराज ट्रैक्टर से ही सबसे अधिक प्यार करता था। वो ट्रैक्टर को स्टंट के अनुसार मोडिफाई भी कराता था। इसी ट्रैक्टर पर स्टंट करते हुए वो सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हो रहा था। 

उसकी वीडियो बहुत पसंद की जाती थी। जिस ट्रैक्टर से नीशू सबसे अधिक प्यार करता था। उसी पर स्टंट करते हुए उसकी जान चली गई। नीशू को सोशल मीडिया पर टोचन किंग के नाम से जाना जाता था।

सेवानिवृत इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह ने कहा कि युवा इस प्रकार अपनी जान से खिलवाड़ न करें। अपनी जान की अहमियत पहचानें। किसी के उकसावे में इस प्रकार के खतरनाक स्टंट न करें। थोड़ी सी लापरवाही जान ले सकती है। खुद भी इसके खिलाफ जागरूक हों और दूसरों को भी इसके खिलाफ जागरूक करें।