हरियाणा में स्कूली छात्रा को जिंदा जलाने का आरोप, गंभीर हालत में PGI में भर्ती

 
हरियाणा में स्कूली छात्रा को जिंदा जलाने का आरोप, गंभीर हालत में PGI में भर्ती

हरियाणा के बहादुरगढ़ स्थित घर से स्कूल जाने के लिए निकली एक किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसी हुई मिली। गंभीर हालत में किशोरी को पहले सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे रोहतक PGIMS रेफर किया गया। 

परिजनों की तरफ से एक युवक पर किशोरी को आग लगाए जाने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि शादी का दबाव बनाने के चलते यह वारदात अंजाम दी गई। हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। 

दरअसल मूलरूप से बिहार का रहने वाला एक परिवार बहादुरगढ़ शहर की एक कॉलोनी में किराए पर रहता है। इस परिवार की 17 वर्षीय बेटी दसवीं कक्षा में पढ़ती है। वह सुबह अपनी सहेली के साथ स्कूल में रोल नंबर स्लिप लेने के लिए घर से निकली थी। 

कुछ समय बाद परिजनों को सूचना मिली कि उनकी बेटी बैंक कॉलोनी स्थित एक कमरे में झुलसी हुई अवस्था में है। सूचना पर परिजन वहां पहुंचे और किशोरी को संभला। उसकी हालत गंभीर थी।

परिजनों ने उसको नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। परिजनों ने किशोरी की हालत के लिए बैंक कॉलोनी में रहने वाले एक युवक को जिम्मेदार ठहराया है। 

प्रारंभिक तौर पर सामने आया है कि वह युवक पीड़िता पर शादी का दबाव बना रहा था। उसने लड़की को अपने कमरे पर बुलाया था। लड़की ने शादी से इनकार कर दिया, जिसके चलते आरोपी ने तेल छिड़ककर उसे आग के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है।