हरियाणा के हिसार मे सरपंच एसोसिएशन के प्रधान की गोली मारकर हत्या, शादी समारोह से लौट रहे थे घर

 
हरियाणा के हिसार मे सरपंच एसोसिएशन के प्रधान की गोली मारकर हत्या, शादी समारोह से लौट रहे थे घर 

Haryana News: हिसार में सरपंच एसोसिएशन के प्रधान संजय दूहन की रविवार (3 मार्च) रात को गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने दूहन को कंवारी गांव में कार में ही 6 गोलियां मारी और बाद बदमाश अपनी कार में सवार होकर फरार हो गए। संजय को तुरंत नजदीकी प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और हांसी के विधायक विनोद भ्याणा अस्पताल में पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने संजय का शव कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में भिजवा दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूर्व सरपंच से चुनावी रंजिश में संजय की हत्या की गई है। हांसी SP मकसूद अहमद ने हमलावरों को पकड़ने के लिए 3 टीमों का गठन किया है।

कंवारी गांव के सरपंच संजय दूहन रात करीब पौने 9 बजे वह अपनी कार से वापस घर लौट रहे थे। रविवार को अपने एक साथी के साथ कार में सवार होकर नारनौंद के भैणी अमीरपुर गांव में शादी समारोह में गए थे। संजय गांव कंवारी में जब पूर्व सरपंच महाबीर के घर के पास पहुंचे तो बदमाशों ने उनकी कार को घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इसके बाद बदमाश अपनी कार में फरार हो गए।

गोलियां चलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीण दौड़े-दौड़े कार के पास आए और संजय को खून से लथपथ हालत में बाहर निकालकर हिसार के प्राइवेट अस्पताल में ले गए, लेकिन वहां जाने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। संजय को करीब 6 गोलियां लगी। 5 निशान उनके पेट पर मिले हैं।

संजय दूहन दूसरी बार सरपंच बने थे। संजय और पूर्व सरपंच महावीर के परिवार में लंबे समय से चुनावी रंजिश चल रही है। यह रंजिश पटौदी में एक शादी के दाैरान और बढ़ गई थी। डीजे पर नाचने के दौरान विवाद पर संजय व उनके बेटे पुनीत ने महावीर के बेटे कर्णपाल काे थप्पड़ मार दिया।

इसके बाद 8 मार्च 2023 होली के दिन कर्णपाल को 6 गोलियां मारी गई थी। कर्ण के परिवार की शिकायत पर संजय व बेटे पुनीत पर केस दर्ज हुआ। 2 अप्रैल को पुलिस ने संजय को गिरफ्तार किया था।

इस साल होली से ही करीब 22 दिन पहले संजय की हत्या हो गई। संजय को भी 6 गोलियां मारी गई हैं। हत्या को इसी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। वर्ष 2009 में भी संजय पर हत्या का केस दर्ज हुआ था।

हांसी के DSP रविंद्र सांगवान ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी। SFL की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। 3 टीमों का गठन किया गया है। आरोपियों की पहचान कर जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।