Haryana News: हरियाणा में मंत्रिमंडल विस्तार ना होने के ये बड़े कारण, जानिए

 
Haryana News: हरियाणा में मंत्रिमंडल विस्तार ना होने के ये बड़े कारण, जानिए 

Haryana News : मंत्रिमंडल विस्तार टलने के पीछे सबसे बड़ा कारण अनिल विज का नाराज होना बताया जा रहा है। केंद्रीय व राज्य नेतृत्व उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल होने के लिए मना नहीं पाया। मंत्रिमंडल में उनके शामिल नहीं होने पर पार्टी को नुकसान का अंदेशा था। वह भाजपा का बड़ा चेहरा हैं।

मनोहर सरकार में भी वह दूसरे नंबर के मंत्री थे। शनिवार को अंबाला छावनी के उपमंडल कार्यालय में एक कार्यक्रम में पहुंचे अनिल विज ने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है और न ही किसी ने उनसे संपर्क किया। उन्होंने खुद के नाराज होने से भी इन्कार किया।

राज्य मंत्रिमंडल में किसी यादव को भी प्रतिनिधित्व नहीं मिला। चर्चा है कि मंत्रिमंडल में शामिल करने के लिए किसी यादव विधायक को फोन नहीं गया। इससे राव इंद्रजीत नाराज हैं। कुछ दिन पहले उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा था कि सरकार बनाने में अहीरवाल क्षेत्र का अहम योगदान है। राज्य मंत्रिमंडल में कम से कम दो लोगों को प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।

जजपा से गठबंधन टूटने के बाद नायब सैनी सरकार ने निर्दलीय विधायकों के दम पर विधानसभा में विश्वास मत हासिल किया था, मगर जब मंत्रिमंडल विस्तार की बात सामने आई तो कुछ निर्दलीय विधायकों के नाम इसमें शामिल नहीं थे।

उन्होंने इस पर नाराजगी जाहिर की। बताया जा रहा है कि चरखी दादरी से विधायक सोमबीर सिंह सांगवान व नीलोखेड़ी के विधायक धर्मपाल गोंदर ने शनिवार को सीएम आवास पर नायब सैनी व मनोहर लाल से मुलाकात की। मंत्रिमंडल विस्तार टलने के पीछे निर्दलीय विधायकों का समायोजन न होना भी बड़ा कारण है।