हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने ऑस्ट्रेलियाई उद्यमियों को दिया न्योता, कानून-व्यवस्था का दिया भरोसा

हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है
इस दौरान विज ने ऑस्ट्रेलिया के उद्यमियों से आह्वान किया है कि वे हरियाणा में निवेश के लिए आगे आएं।
उन्हें उद्योग लगाने में राज्य सरकार हर संभव सहयोग करेगी।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में उद्योग लगाने में कानून व्यवस्था और मानव शक्ति की दिक्कत नहीं है।
देश की राजधानी दिल्ली से नजदीक होने के कारण भी हरियाणा निवेश के लिहाज से बेहतर स्थान है।
विज ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में ‘एसोसिएशन ऑफ हरियाणावी इन ऑस्ट्रेलिया’ के पदाधिकारियों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि वर्तमान हरियाणा सरकार नई तकनीक पर बल दे रही है। इसमें एनर्जी सेविंग इकाइयां और पर्यावरण सरंक्षित इकाइयों को स्थापित करने पर जोर दिया जा रहा है।
ऐसी इकाइयों को स्थापित करने के लिए विभिन्न प्रकार की छूट भी सरकार दे रही है।
राज्य में निवेश आकर्षित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा एक व्यापक हरियाणा उद्यम एवं रोजगार नीति-2020 तैयार की गई है।
पहले अटकलें लगाई जा रही थी कि मारूति अपना तीसरा प्लांट हरियाणा से बाहर लगाने जा रही है
लेकिन अब मारुति 20 हजार करोड़ रुपये के निवेश के साथ तीसरा प्लांट हरियाणा के खरखौदा में लगा रही है।
गृह मंत्री ने कहा कि अपने संस्कार और संस्कृति को बचाए रखने के लिए ‘एसोसिएशन ऑफ हरियाणा इन ऑस्ट्रेलिया’ बेहतरीन कार्य कर रही है।
ऑस्ट्रेलिया में अपनी संस्कृति के अनुरूप तीज-त्योहारों को मनाए जा रहे हैं। इससे आने वाली पीढ़ी अपने संस्कारों और संस्कृति से रूबरू हो सकेगी।