Haryana Cabinet News: हरियाणा में आज होगा केबिनेट विस्तार, राजभवन से नोटिफिकेशन जारी

 
Haryana Cabinet News: हरियाणा में आज होगा केबिनेट विस्तार, राजभवन से नोटिफिकेशन जारी 

Haryana Cabinet News: हरियाणा में आज मंत्रिमंडल विस्तार होगा। हरियाणा राजभवन की तरफ से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक़ शाम को साढ़े चार बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा।

कल देर रात तक दिल्ली में लोकसभा सीटों और मंत्रिमंडल को लेकर मंथन हुआ है जिसके बाद आज शाम को कैबिनेट मंत्रियों की शपथ की तैयारी है।

दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मिले स्पष्ट निर्देशों के बाद अब हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मंत्रिमंडल का मंगलवार शाम साढ़े चार बजे विस्तार होगा। 

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मंगलवार को पूर्व सीएम मनोहर लाल और नये सीएम नायब सैनी के अभिनंदन कार्यक्रम में करनाल के घरौंडा में हिस्सा लेंगे। इसके बाद चंडीगढ़ में मंत्रिमंडल विस्तार किया जाएगा। चुनाव आचार संहिता इसमें किसी तरह की बाधा नहीं है।

सोमवार शाम दिल्ली में मुख्यमंत्री नायब सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। 

इस बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार का निर्देश लेकर दोनों नेता सड़क मार्ग से ही चंडीगढ़ पहुंचने के लिए रवाना हो गए। मंत्रिमंडल में उन्हीं मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी जिन्हें पहले शनिवार को होने वाले विस्तार के लिए चंडीगढ़ आमंत्रित किया गया था। ज्यादातर नए मंत्री मनोहर मंत्रिमंडल के ही चेहरे होंगे।

जजपा के मंत्रियों की जगह नए को मिल सकती जगह

जजपा कोटे के जो तीन मंत्री हटे हैं, उनके स्थान पर जरूर नए मंत्रियों को स्थान मिल सकता है। इसके साथ ही अब राज्य में लोकसभा चुनाव के लिए चार सीटों पर प्रत्याशी शीघ्र घोषित हो जाएंगे।

प्रत्याशियों को लेकर भी प्रदेश स्तरीय मंत्रणा का अंतिम प्रारूप पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित गृहमंत्री अमित शाह के समक्ष रखा।

मंत्रिमंडल विस्तार के लिए पूर्व सीएम मनोहर लाल ने सोमवार दोपहर हरियाणा भवन में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय के साथ विमर्श भी कर लिया। इसके बाद राज्यपाल भी दिल्ली से चंडीगढ़ पहुंच गए।