Diamond League: नीरज चोपड़ा ने फिर रचा इतिहास, दोहा में किया अपने करियर का चौथा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

Diamond League: ओलंपिक चैंपियन भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने शुक्रवार देर रात दोहा में पहले चरण में आसान जीत के साथ अपने डायमंड लीग खिताब के बचाव की शुरुआत की। उन्होंने अपने करियर का चौथा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। 25 साल के नीरज चोपड़ा ने अपनी शैली में सीजन की शुरुआत करते हुए 88.67 मीटर का थ्रो किया। नीरज चोपड़ा ने पिछले सितंबर में स्विट्जरलैंड में 2022 डायमंड लीग फाइनल ट्रॉफी जीती थी।
नीरज चोपड़ा ने अपने पहले ही प्रयास में 88.67 मीटर का थ्रो किया, जो उनके करियर का चौथा सर्वश्रेष्ठ प्रयास है। उन्होंने कतर स्पोर्ट्स क्लब में अपनी दूसरी उपस्थिति में इवेंट जीतने के लिए अंत तक बढ़त बनाए रखी। भारतीय सुपरस्टार ने 2018 में यहां अपनी पहली उपस्थिति में 87.43 मीटर का थ्रो किया था। तब वह चौथे स्थान पर रहे थे। नीरज चोपड़ा ने 2022 विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था।
रजत पदक विजेता चेक गणराज्य के जैकब वडलेज्च ने अपने दूसरे प्रयास में 88.63 मीटर का थ्रो फेंका। उनका यह प्रयास नीरज चोपड़ा से 4 सेंटीमीटर कम था। वडलेज्च ने टोक्यो ओलंपिक में रजत पदक जीता था। जैकब वडलेज्ज ने पिछले साल दोहा डायमंड लीग में भी 90.88 मीटर थ्रो कर रजत पदक जीता था।
मौजूदा विश्व चैंपियन ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स मामूली अंतर से तीसरे स्थान पर रहे। उन्होंने 85.88 मीटर का थ्रो किया। एंडरसर्न पीटर्स ने पिछले साल दोहा में 93.07 मीटर के थ्रो के साथ प्रतियोगिता अपने नाम की थी।