हरियाणा में ग्रामीण सफाई कर्मचारी नहीं होंगे पक्के, 7300 नये पद सृजित

 
हरियाणा में ग्रामीण सफाई कर्मचारी नहीं होंगे पक्के, 7300 नये पद सृजित

हरियाणा के ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को नियमित करने की सरकार की कोई योजना नहीं है। विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने विधानसभा में दो-टूक कहा कि इन कर्मचारियों को नियमित नहीं किया जाएगा। इसराना से कांग्रेस विधायक बलबीर सिंह वाल्मीकि ने यह मुद्दा प्रश्नकाल के दौरान उठाया था। बबली ने बताया कि सरकार ने सफाई कर्मचारियों के 7300 से अधिक नये पद सृजित किए हैं।

बलबीर सिंह वाल्मीकि ने कहा कि पूर्व की हुड्‌डा सरकार के समय ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की भर्ती की गई थी। उन्होंने कहा कि हुड्‌डा राज में 2014 से पहले जिस तरह से कर्मचारियों को नियमित किया गया था, उसी तर्ज पर अब ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को पक्का किया जाए। 

डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने सवाल दागते हुए कहा, यह बताएं कि कितने कर्मचारियों को पक्का किया गया था। इतना ही नहीं, दुष्यंत ने गेस्ट टीचर्स की मौजूदा स्थिति के लिए भी हुड्‌डा सरकार को जिम्मेदार ठहराया।

देवेंद्र बबली ने कहा कि मौजूदा सरकार ने सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए आबादी के नये मानदंड तय किए हैं। पहले 2000 तक की आबादी पर एक, दो से पांच हजार तक की आबादी पर दो, 5 से 10 हजार पर 4 और 10 हजार से अधिक आबादी पर पांच सफाई कर्मचारी लगाए जाते थे। 

अब सरकार ने तय किया है कि 1000 पर 1, दो हजार पर 2, तीन हजार पर 3, चार हजार पर 3, 4 हजार पर 4 तथा 5 हजार पर पांच सफाई कर्मचारी नियुक्त होंगे। पांच से दस हजार की आबादी पर 6, 10 से 20 हजार की आबादी पर 8 और 20 हजार से अधिक आबादी होने पर 10 सफाई कर्मचारी रखे जाएंगे।