हरियाणा के इन 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट: 2 जगह बाढ़ जैसे हालात, जानें आज कैसा रहने वाला है मौसम

 

हरियाणा में आज भी मानसून एक्टिव रहने वाला है। मौसम विभाग ने चंडीगढ़ समेत 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया। यहां गरज और चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। 24 घंटे के दौरान हरियाणा के महेंद्रगढ़, सिरसा और चंडीगढ़ में भारी बारिश होगी।

नमी की मात्रा अधिक होने के कारण उमस भरी गर्मी लोगों के पसीने छुड़वा रही है। 24 घंटे के दौरान सिरसा सबसे गर्म जिला रहा। यहां अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश में न्यूनतम तापमान 23 से 28 डिग्री के बीच दर्ज किया गया।

महेंद्रगढ़ में सबसे ज्यादा बारिश
सबसे ज्यादा बारिश महेंद्रगढ़ में हुई। यहां 163 MM बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके बाद सिरसा में 72.6 और चंडीगढ़ में 21.6 MM बारिश दर्ज की गई। जिन जिलों को अलर्ट पर रखा गया है, उनमें मौसम विभाग ने बिजली गिरने की भी संभावना जताई है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलने के आसार हैं।


सोमवार से एक्टिव हुआ मानसून
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि हरियाणा में मानसून की गति धीमी पड़ गई थी। रविवार को मानसून के असर के कारण कुछ स्थानों पर ही बारिश दर्ज की गई। हालांकि, सोमवार से मानसून फिर से एक्टिव हो चुका है। दरअसल, मानसून की गतिविधियां मानसून टर्फ लाइन पर निर्भर करती हैं। यह जहां से भी गुजरती है, उसके दोनों ओर बारिश की गतिविधियां होती हैं।

हरियाणा में जून में 47% कम बारिश
हरियाणा में जून महीने में सामान्य से 47 प्रतिशत कम बारिश हुई। फरीदाबाद और पानीपत को छोड़कर सभी जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई।

जून में अंबाला और पंचकूला में सामान्य से 90 फीसदी कम बारिश हुई, यमुनानगर में सामान्य से 86 फीसदी कम बारिश हुई, कैथल और करनाल में 80 फीसदी कम बारिश हुई, चरखी दादरी में 76 फीसदी कम बारिश हुई, कुरुक्षेत्र में 68 फीसदी कम बारिश हुई, महेंद्रगढ़ में 58 फीसदी कम बारिश हुई।

हरियाणा के इन जिलों में अलर्ट
हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, यमुनानगर, सोनीपत और पानीपत में ऑरेंज अलर्ट है। जींद, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह में बारिश को लेकर यलो अलर्ट है।